मुजफ्फरपुर, भारत 24 डिजिटल डेस्क: कहते हैं ना अगर तन-मन से किसी काम में लग जाओं तो फिर कोई भी काम मुश्किल नहीं होता. मेहनत करने वालों को सफलता जरूर मिलती है. इसी राह पर चलकर मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur News) के कटरा के छोटे से गांव में रहने वाले अंगेश कुमार ने अपने सपने को पूरा कर लिया है. इतना ही नहीं बल्कि 68वीं बीपीएससी के फाइनल रिजल्ट में 151वां स्थान हासिल कर उन्होंने पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है. इसके बाद से ही उनके घर में बधाई का तांता लगा हुआ है. सबसे बड़ी बात तो यह है कि अंगेश गांव के लिए पहला प्रशासनिक अधिकारी बना है. इसके साथ-साथ पहले प्रयास में ही उन्होंने यह सफलता हासिल की है.
अंगेश की संघर्ष की कहानी
अंगेश कुमार के पिता एक किसान हैं. उन्होंने बताया कि 'अंगेश बचपन से ही मेहनती था. साल 2011 में बेरई हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी. उस दौरान प्रथम स्थान लेकर आया था. 2013 में भी बारहवीं की परिक्षा में प्रथम स्थान लाकर परिवार का नाम रौशन किया था. 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद मुजफ्फरपुर में किराए के मकान में रहकर वह B.TECH की तैयारी करने लगा. फिर तैयारी करते-करते पटना चला गया. पढ़ाई और जॉब दोनों के बीच बाधा उत्पन्न होने लगी जिसके बाद से मार्च 2018 में जॉब से इस्तीफा दे दिया और फिर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दिन रात मेहनत करने लगा और आज परिणाम सबके सामने है.'
गांव में पहली बार कोई बना प्रशासनिक अधिकारी
अंगेश (Angesh Kumar) बताते हैं कि वह गांव के पहले प्रशासनिक अधिकारी बन गए हैं. अंगेश की मां मालती देवी ने भी बताया कि- 'हमारा बेटा अधिकारी बन गया है और काफी खुशी की लहर है. उसकी मेहनत और लगन का फल है कि आज एक किसान का बेटा अधिकारी बन गया है और लोगों को उसकी मेहनत से सीख लेनी चाहिए.'
रिपोर्ट: विशाल कुमार