अयोध्या/मुंबई, एंटरटेनमेंट: इस समय पूरी दुनिया की नजर अयोध्या पर ही टिकी हुई है. 22 जनवरी 2024 का दिन इतिहास में दर्ज होने जा रहा है. इस दिन अयोध्या राम मंदिर में भगवान राम की प्रतीमा की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है. ऐसे में अयोध्या (Ayodhya Ram Mandir) ही नहीं पूरे देश में इसे लेकर जोर शोर से तैयारियां चल रही है. इस दिन बॉलीवुड सेलिब्रिटीज सहित अन्य कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहेंगी. कई स्टार्स के नाम पहले ही सामने आ चुके हैं. वहीं अब सिनेमा जगत के लोगों की लिस्ट भी सामने आ गई है. चलिए जानते हैं किस-किसको मिला न्यौता?
रणबीर-आलिया को मिला आमंत्रण
बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और आलिया भट्ट (Alia Bhatt) को प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है. रणबीर और आलिया को मुंबई में अलग- अलग आमंत्रण दिया गया जिसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इससे पहले बॉलीवुड की कई हस्तियों को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया गया है. इनमें अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, कंगना रनौत, माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, सनी देओल, अजय देवगन, आयुष्मान खुराना, संजय लीला भंसाली और मधुर भंडारकर का नाम शामिल है.
ये साउथ स्टार्स भी आमंत्रित
बॉलीवुड के अलावा साउथ के स्टार्स को भी रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का आमंत्रण मिला है. इनमें साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत (Rajinikanth), चिरंजीवी, धनुष, प्रभास, केजीएफ स्टार यश, कांतारा के निर्देशक ऋषभ शेट्टी का नाम सामने आया है. बता दें कि 22 जनवरी को होने वाले समारोह में पीएम मोदी भी शामिल होंगे. इसके अलावा देशभर की कई बड़ी हस्तियां इसमें शामिल होने वाली हैं. कुल सात हजार प्रमुख लोगों को ये आमंत्रण पत्र दिया गया है.