USA Flights Grounded: अमेरिका में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर में सभी उड़ानों को रोकने का आदेश जारी कर दिया. इस फैसले के बाद अमेरिका के सभी प्रमुख एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हो गया. FAA ने असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यह कदम उठाया है. 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह दूसरी बार है, जब अमेरिका में इस तरह सभी उड़ानों पर रोक लगाई गई है. इससे पहले जनवरी 2023 में भी तकनीकी खराबी के कारण उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा था.
FAA के आदेश के बाद अमेरिका के कई बड़े एयरपोर्ट से विमानों का उड़ान भरना बंद हो गया. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, स्थानीय समय के अनुसार शाम 4 बजे के बाद प्रमुख हवाई अड्डों से कोई नई उड़ान रवाना नहीं हुई. शिकागो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी करीब दो घंटे तक कोई विमान उड़ान नहीं भर सका. वहीं, न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी और वॉशिंगटन के रोनाल्ड रीगन एयरपोर्ट से आखिरी उड़ान दोपहर 3:35 बजे रवाना हुई थी.
क्यों रोकी गईं अमेरिका में सभी उड़ानें?
फिलहाल उड़ानों को रोकने की असली वजह पूरी तरह साफ नहीं हुई है. FAA के एक प्रवक्ता के मुताबिक, कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर का काम प्रभावित हुआ है. ये सेंटर देशभर में विमानों की आवाजाही पर नजर रखते हैं और उनकी उड़ानों को नियंत्रित करते हैं.
अमेरिका के परिवहन मंत्री शॉन डफी ने बताया कि FAA के तकनीकी विशेषज्ञ समस्या का पता लगाने में जुटे हैं. वहीं, CNN की रिपोर्ट के अनुसार, मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि FAA को अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि आखिर सिस्टम में गड़बड़ी किस वजह से हुई.
राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर DHS ने क्या कहा?
उड़ानों पर अचानक रोक लगने के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे. हालांकि, अमेरिकी गृह मंत्रालय यानी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने ऐसी किसी आशंका से इनकार किया है.
अमेरिकी गृह मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है, जिससे लगे कि अमेरिका पर कोई हमला हुआ है. उनके मुताबिक, यह टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी है. उन्होंने यह भी साफ किया कि इस समस्या का एक दिन पहले माइक्रोसॉफ्ट के सिस्टम में आई गड़बड़ी से कोई संबंध नहीं है.
क्या होता है ग्राउंड स्टॉप का आदेश?
ग्राउंड स्टॉप FAA की ओर से जारी किया जाने वाला एक आदेश है. इसके तहत विमानों को जमीन पर ही रोक दिया जाता है और उन्हें उड़ान भरने की अनुमति नहीं होती. हालांकि, जो विमान पहले से आसमान में होते हैं, वे अपनी उड़ान जारी रख सकते हैं और तय मंजिल तक पहुंच सकते हैं.
फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, उस समय करीब 3,100 विमान हवा में थे और अमेरिकी एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहे थे. हालांकि, नए विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जा रही थी.
एयरपोर्ट जाने से पहले संपर्क करने की सलाह
अमेरिका के कई प्रमुख एयरपोर्ट ने उड़ानों पर रोक लगाए जाने की पुष्टि की है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति जरूर पता कर लें. कुछ यात्रियों ने यह भी बताया कि विमान के एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्हें टैक्सीवे से होते हुए टर्मिनल के गेट तक जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
उड़ानें शुरू होने में लग सकता है समय
सिस्टम में आई गड़बड़ी के कारण उड़ानों का सामान्य संचालन कब तक शुरू होगा, इसे लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है. माना जा रहा है कि समस्या लंबी खिंचने पर बड़ी एयरलाइंस को दिन की बाकी उड़ानें रद्द करनी पड़ सकती हैं.
अमेरिकन एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा कि जो विमान पहले से हवा में हैं, वे अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचेंगे. हालांकि, बाकी उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है और नियमित शेड्यूल प्रभावित रहने की आशंका है. ऐसे में यात्रियों को उड़ान से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है.