जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले के बाद एक नए आतंकी संगठन का नाम सामने आया है. ‘पसदारान-ए-हुर्रियत’ (Pasdaran-e-Hurriyat) नाम के इस संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक संगठन के इस दावे की पुष्टि नहीं की है. फिलहाल इसकी सच्चाई की जांच की जा रही है.
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आतंकी संगठन अंतरराष्ट्रीय जांच और निगरानी से बचने के लिए नए-नए नामों का इस्तेमाल कर सकते हैं. ऐसे में यह भी जांच की जा रही है कि पसदारान-ए-हुर्रियत कोई नया संगठन है या किसी पुराने आतंकी संगठन का ही नया नाम है.
आने वाले दिनों में और हमले करने की धमकी
पसदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर की ओर से 11 नवंबर 2026 को एक कथित बयान जारी किया गया है. इसमें संगठन ने कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेते हुए भारतीय सुरक्षाबलों को निशाना बनाने का दावा किया है. बयान में जम्मू-कश्मीर के मौजूदा हालात को लेकर भड़काऊ बातें भी कही गई हैं.
संगठन ने धमकी दी है कि आने वाले दिनों में हिंदुत्ववादी सरकार और RSS को निशाना बनाकर बड़े हमले किए जाएंगे. साथ ही कहा गया है कि जब तक उसका कथित मकसद पूरा नहीं होगा, तब तक हमले जारी रहेंगे. इस बयान में संगठन के प्रवक्ता मोहम्मद उमर आजम का नाम भी दिया गया है. हालांकि, इस बयान और संगठन की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
हमले के बाद तेजी से हरकत में आए सुरक्षाकर्मी
इस बीच कुलगाम हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों की कार्रवाई दिखाई दे रही है. फुटेज के मुताबिक, गोलीबारी होते ही सुरक्षाकर्मियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी और घायल जवानों की मदद के लिए मौके पर पहुंच गए.
अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा बलों की तेजी से की गई कार्रवाई के कारण आतंकी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके. उन्हें मौके से भागना पड़ा. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमले के साथ-साथ इसकी जिम्मेदारी लेने वाले नए संगठन के दावे की भी जांच कर रही हैं.