Aaj Ka Rashifal: हर्षण-रवि योग का शुभ संयोग, इन 5 राशियों को मिलेगी खुशखबरी, जानें अपना राशिफल

गुरुवार का दिन कई राशियों के लिए अच्छी खबर लेकर आ सकता है. 19 नवंबर को सुबह करीब 7:07 बजे नवमी तिथि समाप्त होगी और दशमी शुरू हो जाएगी.

Aaj Ka Rashifal An auspicious alignment of Harshan and Ravi Yogas horoscope
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Aaj Ka Rashifal: गुरुवार का दिन कई राशियों के लिए अच्छी खबर लेकर आ सकता है. 19 नवंबर को सुबह करीब 7:07 बजे नवमी तिथि समाप्त होगी और दशमी शुरू हो जाएगी. चंद्रमा और राहु की युति कुंभ राशि में रहेगी. रात के समय चंद्रमा मीन राशि में प्रवेश करेंगे. दिन में पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र रहेगा. इसके साथ रवि योग और सुबह 7:41 बजे के बाद हर्षण योग का संयोग बनेगा. हालांकि, पंचक का प्रभाव भी बना रहेगा.

ग्रहों की स्थिति की बात करें तो सूर्य वृश्चिक राशि में रहेंगे. वहीं मंगल, गुरु और केतु सिंह राशि में एक साथ मौजूद रहेंगे. शुक्र और शनि वक्री अवस्था में रहेंगे.

ग्रह-नक्षत्रों के इस संयोग से वृषभ राशि वालों को नौकरी से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है. तुला राशि के जातकों के कारोबार में सुधार होगा. कर्क राशि वालों को मेहनत का अच्छा लाभ मिलेगा, जबकि सिंह की आमदनी बढ़ने के नए रास्ते खुल सकते हैं. कुंभ राशि को नया टेंडर मिल सकता है और मीन राशि वालों को दूर से कोई अच्छा अवसर मिल सकता है. दूसरी ओर मकर राशि के जातकों को मानसिक तनाव, धनु को जल्दबाजी और मिथुन को बढ़ते खर्चों से सावधान रहने की जरूरत है.

मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए गुरुवार का दिन कामकाज के लिहाज से अच्छा रहेगा. नए लोगों से मुलाकात होगी और काम का दायरा बढ़ सकता है. जरूरी काम करते समय मोबाइल से दूरी बनाए रखें, ताकि ध्यान न भटके. जीवनसाथी की भावनाओं को समझने की कोशिश करें. घर में कहीं नल से पानी टपक रहा है तो उसे ठीक कराने में देरी न करें.

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों को नौकरी के मामले में अच्छी खबर मिल सकती है. किसी पुराने संपर्क की मदद से नया अवसर मिलने की संभावना है. नौकरी के लिए किसी से सिफारिश करवानी हो तो बेझिझक बात करें. दोस्तों के साथ नया कारोबार शुरू करने की योजना है तो पहले ही हिस्सेदारी और जिम्मेदारियां तय कर लें. सेहत के लिए सुबह भीगे हुए बादाम खाना फायदेमंद रहेगा.

मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों को कामकाज में किसी अनुभवी अधिकारी की सलाह से फायदा हो सकता है. निवेश की शुरुआत छोटी रकम से करें और जोखिम भरे सौदों से बचें. बचत पर ध्यान देना जरूरी होगा. माता-पिता के साथ यात्रा पर जा रहे हैं तो स्टेशन पर व्हीलचेयर की व्यवस्था पहले ही कर लें. घर के बुजुर्गों की मेडिकल रिपोर्ट भी संभालकर रखें.

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए दिन अच्छा रहने वाला है. आपकी मेहनत का फायदा मिल सकता है और दफ्तर में नई जिम्मेदारी भी मिल सकती है. किसी खास व्यक्ति से बातचीत के बाद रिश्ते को लेकर आपकी सोच बदल सकती है. हालांकि, सेहत के मामले में लापरवाही न करें. भारी सामान उठाने से बचें, इससे कमर में दर्द की परेशानी हो सकती है.

सिंह राशि

सिंह राशि वालों की आमदनी बढ़ाने का नया रास्ता खुल सकता है. सामाजिक संपर्क भी बढ़ेंगे और नए लोगों से मुलाकात होगी. अगर किसी काम को लेकर कई विकल्प सामने हैं तो जल्दबाजी करने के बजाय उनके फायदे और नुकसान समझें. खरीदारी करते समय बजट का ध्यान रखें. मोबाइल और कंप्यूटर का इस्तेमाल करते समय आंखों को आराम देना न भूलें.

कन्या राशि

कन्या राशि के जातकों को नई नौकरी की तलाश में अच्छे प्रयास करने चाहिए. अलग-अलग कंपनियों में आवेदन करते समय अपने बायोडाटा में जरूरी बदलाव करें. समय पर काम पूरा करने के लिए घर से थोड़ा पहले निकलना बेहतर रहेगा. सेहत का ध्यान रखें और सुबह का नाश्ता न छोड़ें. खाली पेट रहने से एसिडिटी की समस्या हो सकती है.

तुला राशि

तुला राशि वालों के लिए कारोबार में सुधार के संकेत हैं. आपकी बनाई गई नई योजना और रणनीति से अच्छे नतीजे मिल सकते हैं. शेयर बाजार से भी लाभ होने की संभावना है. किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं तो अपने विजिटिंग कार्ड साथ रखें, नए संपर्क काम आ सकते हैं. प्रेम संबंधों में दूसरों की बातों में आकर कोई फैसला न लें.

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि के जातकों को प्रॉपर्टी से जुड़े कारोबार में अच्छे अवसर मिल सकते हैं. हालांकि, कोई भी सौदा करने से पहले सभी दस्तावेज अच्छी तरह जांच लें. परिवार और दोस्तों के बीच तालमेल बनाए रखना जरूरी होगा. काम के दौरान खानपान का ध्यान रखें और समय पर भोजन करें. घर पर मेहमानों के आने से माहौल खुशनुमा रहेगा.

धनु राशि

धनु राशि वालों को काम के सिलसिले में यात्रा करनी पड़ सकती है. इस दौरान नए लोगों से मुलाकात होगी, जो आगे चलकर फायदेमंद साबित हो सकती है. किसी भी जरूरी फॉर्म या हिसाब-किताब को बिना जांचे जमा न करें. जल्दबाजी में गलती हो सकती है. बच्चों की सेहत और ठंड से बचाव का ध्यान रखें. बड़े निवेश से जुड़े फैसले फिलहाल टालना बेहतर होगा.

मकर राशि

मकर राशि के जातकों को गुरुवार को मानसिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है. जिन लोगों से मदद की उम्मीद थी, वे पीछे हट सकते हैं. इससे आपके काम में देरी हो सकती है. इसलिए दूसरों पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय काम की निगरानी खुद करें. निजी रिश्तों में बाहरी लोगों की दखलअंदाजी से बचें. सेहत के लिए पर्याप्त पानी पिएं.

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों को नया टेंडर या कारोबार से जुड़ा कोई अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है. इसके लिए जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें. काम के दौरान गुस्से और जल्दबाजी से बचना होगा. बेवजह के खर्चों पर रोक लगाएं. सुबह कुछ समय धूप में टहलना अच्छा रहेगा. किसी खास व्यक्ति से मुलाकात होने पर मन खुश हो सकता है.

मीन राशि

मीन राशि के जातकों को दूर स्थान से कोई नया अवसर मिल सकता है. विदेश जाने का मौका मिले तो अपने पासपोर्ट और दूसरे जरूरी दस्तावेजों की तारीख जरूर जांच लें. परिवार और जीवनसाथी के साथ छोटी-छोटी बातों पर बहस करने से बचें. यात्रा के दौरान पानी की बोतल साथ रखें. किसी दूर रहने वाले व्यक्ति का फोन आपको खुशी दे सकता है. प्रेम संबंधों में भी नई पहल होने के संकेत हैं.

Disclaimer: इस राशिफल में दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है. इसके जरिए बताए गए परिणामों की पुष्टि Bharat 24 नहीं करता है.