Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने 38वें जन्मदिन पर अपनी पसंदीदा वनडे पारी का खुलासा किया है. स्टार स्पोर्ट्स ने इस खास मौके पर कोहली के साथ बातचीत का एक वीडियो शेयर किया. इसमें उन्हें अपनी कुछ यादगार पारियों में से सबसे बेहतरीन पारी चुनने को कहा गया. हैरानी की बात यह रही कि कोहली ने अपनी कई बड़ी शतकीय पारियों को छोड़कर ऐसी पारी को चुना, जिसमें उन्होंने सिर्फ 43 रन बनाए थे.
वर्ल्ड कप फाइनल की पारी को भी छोड़ा
इस बातचीत में सबसे पहले विराट कोहली के सामने 2012 में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई उनकी 133 रन की नाबाद पारी और 2011 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ बनाए गए 35 रन का विकल्प रखा गया. कोहली ने 35 रन की पारी को बेहतर बताया.
इसके बाद इस पारी की तुलना 2023 वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाए गए 85 रन, 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ 122 रन और 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाए गए 160 रन से की गई. लेकिन कोहली ने हर बार वर्ल्ड कप फाइनल की 35 रन की पारी को ही चुना.
43 रन की पारी को बताया अपना बेस्ट
हालांकि, आगे चलकर विराट कोहली ने अपनी पसंद बदल दी. उनके सामने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई 43 रन की पारी का विकल्प आया. कोहली ने इस पारी को 2011 वर्ल्ड कप फाइनल की 35 रन की पारी से बेहतर बताया.
Birthday special! 😍 Over the years, #ViratKohli has played countless iconic innings, but which one comes out on top? Find out! 📹 Watch him soon in #INDvSL 3-match ODI series 👉 Starts 13th DEC https://t.co/ookEDInLNc
— Star Sports (@StarSportsIndia) November 5, 2026
इसके बाद 43 रन की इस पारी की तुलना 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 183 रन की पारी, 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाए गए 138 रन और पाकिस्तान के खिलाफ बनाए गए 107 रन से की गई. इन सभी बड़ी पारियों के बावजूद कोहली ने 43 रन वाली पारी को ही अपनी सबसे पसंदीदा वनडे पारी चुना.
इस तरह विराट कोहली ने साफ कर दिया कि उनके लिए किसी पारी की अहमियत सिर्फ बनाए गए रनों से नहीं, बल्कि मैच के मौके और उसके महत्व से भी तय होती है.