श्रीनगर में पुलिसकर्मी पर आतंकियों ने बरसाई गोली, बेमिना इलाके में सुरक्षाबलों ने की घेराबंदी

घाटी में एक बार फिर आतंकियों ने अपनी कायराना हरकत को अंजाम दिया है. शनिवार की शाम श्रीनगर में आतंकियों ने एक पुलिस कर्मी पर गोलीबारी कर दी.

श्रीनगर में पुलिसकर्मी पर आतंकियों ने बरसाई गोली, बेमिना इलाके में सुरक्षाबलों ने की घेराबंदी

श्रीनगर, न्यूज़ डेस्क: घाटी में एक बार फिर आतंकियों ने अपनी कायराना हरकत को अंजाम दिया है. शनिवार की शाम श्रीनगर में आतंकियों ने एक पुलिस कर्मी पर गोलीबारी कर दी. जिससे पुलिसकर्मी गम्भीर रूप से घायल हो गया है. घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. घायल पुलिसकर्मी का नाम मोहम्मद हाफिज है, जो ड्यूटी से अपने घर लौट रहा था. तभी बेमिना इलाके के हमदानिया कॉलोनी में आतंकियों ने छिप कर पुलिसकर्मी मोहम्मद हाफिज पर गोलीबारी कर दी. 

दो गोली लगने से जवान बुरी तरह घायल

आतंकी हमले में मोहम्मद हाफिज को दो गोली लगी है, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए. एक गोली हाथ में और दूसरी पेट में लगी है. डॉक्टरों ने बताया कि हाफिज अब खतरे से बाहर हैं, उनकी हालत अब स्थिर है. वहीं सुरक्षा बलों ने हमले के बाद पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी है.फिलहाल जवान सर्च ऑपरेशन में जुटे हैं, आतंकियों की तलाश की जा रही है. 

लोगों में भय का माहौल 

घटना के बाद से पूरे इलाके के लोगों में भय का माहौल है. गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और वहां भगदड़ मच गई. लोग छिपने की जगह तलाशने लगे इतने में आतंकी वहां वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होने में कामयाब हो गए. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल जवान को अस्पताल पहुँचाया गया. 

29 अक्टूबर को भी हुआ था हमला

आपको बता दें कि इसके पहले 29 अक्टूबर को भी श्रीनगर के ईदगाह इलाके में आतंकियों ने एक पुलिस इंस्पेक्टर पर गोलियां बरसाईं थी. उस वक्त इंस्पेक्टर मसरूर अहमद वानी खेल के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे. तभी आतंकियों ने उनपर हमला कर दिया जिसमें उनको तीन गोली लगी थी. इंस्पेक्टर मसरूर अहमद का इलाज दिल्ली के एम्स अस्पताल में 39 दिनों तक इलाज चलता रहा और अंत में उन्होंने दम तोड़ दिया.