Asian Games 2026: भारतीय पहलवान सुनील कुमार का कुश्ती में धमाका, लगातार दूसरी बार जीता ब्रॉन्ज

Asian Games 2026: भारत के पहलवान सुनील कुमार ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. बुधवार, 30 सितंबर को पुरुषों के 87 किलोग्राम ग्रीको-रोमन रेसलिंग के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में उन्होंने फिलीपींस के कैलम जॉनस्टन रॉबर्ट्स को 9-0 से मात देकर कांस्य पदक अपने नाम किया.

Sunil Kumar Wins Historic Asian Games Wrestling Bronze
Image Source: Social Media

Asian Games 2026: भारत के पहलवान सुनील कुमार ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. बुधवार, 30 सितंबर को पुरुषों के 87 किलोग्राम ग्रीको-रोमन रेसलिंग के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में उन्होंने फिलीपींस के कैलम जॉनस्टन रॉबर्ट्स को 9-0 से मात देकर कांस्य पदक अपने नाम किया. खास बात यह रही कि यह एशियन गेम्स में सुनील का लगातार दूसरा ब्रॉन्ज मेडल है. 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी उन्होंने इसी कैटेगरी में कांस्य जीता था. इसके साथ ही सुनील एशियन गेम्स में दो ग्रीको-रोमन रेसलिंग मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पहलवान बन गए हैं.

शुरुआत से ही दिखा सुनील का दबदबा

नागोया सिटी इनाए स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में सुनील ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीत दर्ज की. उन्होंने अपने फिलीपींस के प्रतिद्वंद्वी को एक भी अंक हासिल करने का मौका नहीं दिया. मुकाबले की शुरुआत में ही सुनील ने दो शानदार दांव लगाकर चार अंक जुटा लिए. इसके बाद रॉबर्ट्स की पैसिविटी के कारण उन्हें एक और अंक मिला और मैच शुरू होने के करीब 90 सेकंड के भीतर भारतीय पहलवान ने 5-0 की बढ़त बना ली.

9-0 की बढ़त के साथ खत्म किया मुकाबला

शुरुआती बढ़त मिलने के बाद भी सुनील ने आक्रामक रुख बनाए रखा. उन्होंने विरोधी खिलाड़ी की पैसिविटी का फायदा उठाते हुए अपनी बढ़त को 7-0 तक पहुंचाया. रॉबर्ट्स लगातार वापसी की कोशिश करते रहे, लेकिन सुनील के सामने उनकी एक नहीं चली. भारतीय पहलवान ने इसके बाद दो और अंक हासिल किए और स्कोर 9-0 होते ही तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर मुकाबला समाप्त हो गया. इस तरह सुनील ने बेहद कम समय में कांस्य पदक पक्का कर लिया.

लगातार सफलता से बढ़ा सुनील का कद

एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार पदक जीतना सुनील कुमार के करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है. इससे पहले वह एशियन चैंपियनशिप में भी 6 पदक अपने नाम कर चुके हैं. 27 वर्षीय सुनील ने लगातार दो एशियन गेम्स में पदक जीतकर भारतीय ग्रीको-रोमन कुश्ती में अपनी खास पहचान बनाई है. अब उनकी नजर आने वाले मुकाबलों में इसी शानदार प्रदर्शन को जारी रखने पर होगी.

ये भी पढ़ें: जॉन कैंपबेल का बड़ा कारनामा, ऐसा करने वाले बने WI के पहले बल्लेबाज, गेल का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा