जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों ने चार वांटेड आतंकियों की तलाश तेज कर दी है. रविवार सुबह श्रीनगर के लाल चौक इलाके में इन आतंकियों की तस्वीरों और नामों वाले बैनर लगाए गए. यह बैनर प्रताप पार्क की दीवार पर लगाया गया है. इसमें लोगों से आतंकियों की मौजूदगी और उनके आने-जाने से जुड़ी जानकारी देने की अपील की गई है.
इन चार आतंकियों में मोहम्मद लतीफ भट का नाम भी शामिल है. आरोप है कि वह इसी साल जुलाई में अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या में शामिल था. इसके अलावा बिलाल अहमद मीर, मोहम्मद उमर मीर और आबिद कयूम लोन की तस्वीरें भी बैनर में लगाई गई हैं. ये तीनों बारामूला जिले के रहने वाले हैं.
बैनर में कहा गया है कि अगर किसी व्यक्ति को इन आतंकियों की मौजूदगी या उनकी गतिविधियों के बारे में पुख्ता जानकारी मिलती है, तो वह सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दे सकता है. जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उसे इनाम भी दिया जाएगा.
लतीफ भट पर पहले से घोषित है 15 लाख का इनाम
लतीफ अहमद भट की तलाश सुरक्षा एजेंसियां पहले से कर रही हैं. अगस्त और सितंबर के दौरान काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने श्रीनगर के कई इलाकों में उसकी तस्वीर वाले पोस्टर लगाए थे. उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 15 लाख रुपये के इनाम का ऐलान भी किया गया है.
#WATCH | J&K | Security agencies have released photographs of four active wanted terrorists in Srinagar and appealed to the public to share any credible information regarding their movement or presence https://t.co/MMNj4pqHzt
— ANI (@ANI) November 8, 2026
लतीफ अहमद भट को लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर बताया जाता है. सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं.
पूरी घाटी में लगाए जा रहे आतंकियों के पोस्टर
चारों वांटेड आतंकियों की तस्वीरों वाले पोस्टर घाटी के अलग-अलग इलाकों में लगाए गए हैं. पोस्टर में बिलाल अहमद मीर को हथियार के साथ दिखाया गया है. हालांकि, इसमें चारों आतंकियों के संगठन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है.
सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें इन आतंकियों में से किसी की मौजूदगी या गतिविधियों के बारे में पता चलता है, तो तुरंत पुलिस या संबंधित एजेंसी को सूचना दें.
आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज
सूत्रों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप समेत दूसरी सुरक्षा एजेंसियों ने चारों आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है. संभावित ठिकानों पर लगातार तलाशी ली जा रही है. आसपास के जंगलों में भी संयुक्त टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.
सुरक्षा एजेंसियां चारों आतंकियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही हैं. घाटी में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- 'पहली बार नक्सलवाद मुक्त दिवाली', बस्तर में जवानों के बीच पहुंचे पीएम मोदी, बोले- ये देश आपका ऋणी है