Weather: कहीं भारी बारिश तो कहीं खिलेगी धूप... दिवाली पर आपके यहां कैसा रहेगा मौसम? IMD रिपोर्ट

दिवाली के त्योहार पर देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिलेगा.

Weather What will the weather be like in your area this Diwali IMD report
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Diwali Weather: दिवाली के त्योहार पर देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिलेगा. उत्तर और मध्य भारत में मौसम ज्यादातर साफ और शुष्क रहने की संभावना है. वहीं, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वोत्तर मानसून के सक्रिय होने से दक्षिण भारत के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है.

दूसरी तरफ, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में मौसम साफ रहने का अनुमान है. यहां दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो सकती है. वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया है.

दक्षिण भारत के इन राज्यों में होगी भारी बारिश

दिवाली के दौरान दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है.

केरल और माहे: यहां तटीय और अंदरूनी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने का भी अनुमान है.

आंध्र प्रदेश: तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने आंधी और बिजली गिरने की आशंका भी जताई है.

कर्नाटक: दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तटीय इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है.

पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में भी बारिश के आसार

दिवाली के दौरान पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर तेज बारिश होने का अनुमान है.

वहीं, पूर्वी भारत में ओडिशा के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है.

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ का असर बताया जा रहा है.

दिल्ली-NCR, यूपी और राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में दिवाली पर मौसम साफ रहने की उम्मीद है. दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है. यहां दिन में धूप खिली रहेगी, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है.

महाराष्ट्र में बढ़ेगी गर्मी, बारिश का अलर्ट नहीं

महाराष्ट्र में दिवाली के दौरान मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश का बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया है. हालांकि, कई जिलों में तापमान बढ़ने से दिन के समय गर्मी परेशान कर सकती है.

कोल्हापुर, पुणे और सतारा में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. वहीं, मराठवाड़ा और विदर्भ में पारा 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना है.

इसके अलावा जलगांव, धुले और नंदुरबार में भी बारिश के आसार नहीं हैं. इन इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा और कुछ जगहों पर गर्मी बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें- पानी के लिए तिलमिलाया पाकिस्तान, ख्वाजा आसिफ ने भारत को फिर दी धमकी, बताया क्या है आगे का प्लान