नई दिल्ली : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रयागराज में महाकुंभ में "कुप्रबंधन के कारण" हुई दुर्घटना में श्रद्धालुओं के हताहत होने पर दुख जताया है. उन्होंने श्रद्धालुओं से संयम बरतने से भी अपील की.
अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "महाकुंभ में कुप्रबंधन के कारण हुई दुर्घटना में श्रद्धालुओं के हताहत होने की खबर बेहद दुखद है."
घायलों को तत्काल मदद देने की अपील की
उन्होंने कहा, "हम अपनी सरकार से अपील करते हैं कि: - गंभीर रूप से घायल लोगों को एयर एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सबसे अच्छे अस्पतालों में ले जाया जाए और तत्काल चिकित्सा दी जाए. - मृतकों के शवों की पहचान की व्यवस्था की जाए, उन्हें उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया जाए और उन्हें उनके निवास स्थान पर भेजा जाए. - जो लोग बिछड़ गए हैं, उन्हें फिर से मिलाने के लिए तुरंत प्रयास किए जाएं. - हेलीकॉप्टरों का अच्छा इस्तेमाल करके निगरानी बढ़ाई जाए."
सपा प्रमुख ने कहा कि मौनी अमावस्या का शाही स्नान राहत कार्य के समानांतर कराया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, "सत्य युग से चली आ रही शाही स्नान की अखंड परंपरा को कायम रखते हुए राहत कार्य के समानांतर सुरक्षित प्रबंधन के बीच मौनी अमावस्या का शाही स्नान कराने की व्यवस्था की जानी चाहिए."
श्रद्धालुओं से की संयम बरतने की अपील
उन्होंने कहा, "हम श्रद्धालुओं से भी अपील करते हैं कि वे इस कठिन समय में संयम और धैर्य बनाए रखें व शांतिपूर्वक अपनी तीर्थयात्रा पूरी करें. सरकार को आज की घटना से सबक लेते हुए श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पानी व अन्य सुविधाओं की अतिरिक्त व्यवस्था करनी चाहिए. दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं."
समाजवादी पार्टी ने एक्स पर एक पोस्ट में महाकुंभ में हुई भगदड़ पर दुख जताते हुए इसे "हृदय विदारक" बताया है. पार्टी ने उत्तर प्रदेश सरकार से राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया है.
सपा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "बहुत दुखद! प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ में श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर दिल दहला देने वाली है. मृतकों की आत्मा को शांति मिले. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना. सरकार को राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाना चाहिए."
यह भी पढ़ें : महाकुंभ में भगदड़ के बाद PM Modi ने 1 घंटे में दूसरी बार CM योगी से बात की, 17 से ज्यादा लोगों की मौत