लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव को बड़ा झटका, BJP के साथ जा सकते हैं जयंत चौधरी, RLD को 4 सीटों का ऑफर

लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव को बड़ा झटका,  BJP के साथ जा सकते हैं जयंत चौधरी, RLD को 4 सीटों का ऑफर

लखनऊ, भारत 24 डिजिटल डेस्क: लोकसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन को एक और बड़ा झटका लग सकता है. बीजेपी और RLD के बीच गठबंधन लगभग तय हो गया है. सूत्रों के मुताबिक बीजेपी नेताओं से जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) ने मुलाकात की है और बीजेपी की तरफ से RLD को पश्चिमी यूपी की 3 से 4 सीटों का ऑफर दिया गया है.

RLD और सपा का गठबंधन टूटेगा

सूत्रों के मुताबिक बीजेपी ने जो 4 सीटें आरएलडी को ऑफर की हैं, उनमें कैराना, बागपत, मथुरा और अमरोहा शामिल हैं. वहीं समाजवादी पार्टी चाहती थी कि उसके उम्मीदवार मुजफ्फरनगर, कैराना, बिजनौर लोकसभा सीटों पर आरएलडी के सिंबल पर चुनाव लड़ें. इसके चलते  RLD और सपा का गठबंधन टूटेगा और RLD का बीजेपी से गठबंधन होगा. वहीं, INDI अलायंस को भी झटका लगने वाला है क्योंकि एक और साथी उनसे बिछड़ जाएगा.

2018 उपचुनाव से है गठबंधन

बता दें कि उत्तर प्रदेश में आरएलडी और सपा के बीच 2018 लोकसभा उपचुनाव से गठबंधन है. 2019 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था. तब सपा ने आरएलडी को तीन सीटें दी थीं. 2022 का विधानसभा चुनाव भी सपा और आरएलडी ने मिलकर लड़ा था. इस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने आरएलडी को 33 सीटें दी थीं. इनमें से आरएलडी ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की थी. लेकिन अब लोकसभा चुनाव से पहले सपा को बड़ा झटका लगना वाला है.