एक गलती और सोनम रघुवंशी को मिल गई जमानत, कोर्ट ने अधिकारियों को लगाई फटकार; जानें पूरा मामला

Sonam Raghuvanshi News: मेघालय में पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत मिल गई है. हैरानी की बात यह है कि यह जमानत एक बड़ी टाइपिंग गलती की वजह से मिली बताई जा रही है. इससे पहले सोनम की जमानत तीन बार खारिज हो चुकी थी.

Meghalaya One mistake and Sonam Raghuvanshi got bail court reprimanded the officials whole matter
Image Source: Social Media

Sonam Raghuvanshi News: मेघालय में पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत मिल गई है. हैरानी की बात यह है कि यह जमानत एक बड़ी टाइपिंग गलती की वजह से मिली बताई जा रही है. इससे पहले सोनम की जमानत तीन बार खारिज हो चुकी थी.

राजा रघुवंशी की हत्या के बाद दर्ज की गई FIR में BNS की धारा 403(1) लिखी गई थी. लेकिन असल में BNS (भारतीय न्याय संहिता), जो 1 जुलाई 2024 से लागू हुई है, उसमें ऐसी कोई धारा मौजूद ही नहीं है. IPC में जरूर धारा 403 बेईमानी से संपत्ति रखने से जुड़ी थी, लेकिन BNS में इसका अलग प्रावधान है.

कोर्ट ने क्या कहा

कोर्ट ने साफ कहा कि आरोपी को यह ठीक से बताया ही नहीं गया कि उसे किस धारा में गिरफ्तार किया गया है. रिकॉर्ड देखने पर यह भी सामने आया कि कहीं भी यह नहीं लिखा था कि सोनम को BNS की धारा 103(1) के तहत गिरफ्तार किया गया है. कोर्ट ने यह भी माना कि अगर यह सिर्फ टाइपिंग गलती थी, तो हर दस्तावेज में एक जैसी गलती नहीं होनी चाहिए थी. इससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं.

गिरफ्तारी के नियमों पर सख्ती

अदालत ने कहा कि किसी भी आरोपी को गिरफ्तार करने से पहले साफ-साफ बताना जरूरी है कि उसे किस आरोप में पकड़ा गया है. इस मामले में गिरफ्तारी मेमो, केस डायरी और बाकी दस्तावेजों में भी यह जानकारी ठीक से नहीं दी गई थी.

कोर्ट को यह भी नहीं मिला कि जब सोनम को पहली बार गाजीपुर कोर्ट में पेश किया गया था, तब उसके पास कोई वकील मौजूद था. अगर वकील होता, तो यह गलती पहले ही सामने आ सकती थी.

चार शर्तों पर मिली जमानत

कोर्ट ने सोनम को कुछ शर्तों के साथ जमानत दी है. उसे कोर्ट की हर तारीख पर हाजिर होना होगा और बिना अनुमति इलाके से बाहर नहीं जा सकती. साथ ही उसे सबूतों या गवाहों के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी होगी. इसके अलावा 50,000 रुपये का निजी मुचलका और इतनी ही रकम के दो जमानती भी देने होंगे.

क्या है पूरा मामला

इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी ने 11 मई 2025 को सोनम से शादी की थी. शादी के कुछ दिनों बाद दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए, जहां से वे अचानक लापता हो गए. करीब दो हफ्ते बाद 2 जून को राजा का शव एक गहरी खाई में मिला. 

जांच में सामने आया कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. उन्होंने इसे हादसा दिखाने की कोशिश की. बताया गया कि कुछ भाड़े के लोगों ने वेई सावदोंग फॉल्स के पास राजा पर हमला किया और फिर शव को खाई में फेंक दिया.

गिरफ्तारी कैसे हुई

घटना के कुछ दिन बाद 9 जून को सोनम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे पर मिली, जहां से उसे पुलिस ने हिरासत में लिया. इसके बाद उसके प्रेमी और बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल सभी न्यायिक हिरासत में हैं.

ये भी पढ़ें- भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी और TMC समर्थकों के बीच झड़प, भाजपा ने बूथ में बाहरी लोगों के होने का लगाया आरोप