पानीपत, भारत 24 डिजिटल डेस्क: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोगों की यात्राओं को सुगम बनाने के लिए पानीपत में पांच इलेक्ट्रिक सिटी बस सर्विस (Haryana Electric City Bus Service) का उद्घाटन किया. इससे लोगों को आने-जाने में सुगमता होगी साथ ही पर्यावरण प्रदूषण को भी कम किया जाएगा. इस मौके पर सीएम खट्टर (CM Manohar Lal) ने पानीपत में पहले सात दिनों बस सेवा मुफ्त करने की घोषणा की, ताकि लोग अपने वाहनों को छोड़ सार्वजनिक परिवहन से यात्रा कर सकें.
कितना होगा बस का किराया?
मुख्यमंत्री ने सिटी बस सेवा आरंभ होने के साथ ही खुद भी बस से यात्रा की. इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, सांसद संजय भाटिया, शहर विधायक प्रमोद विज और परिवहन विभाग के प्रधान सचिव श्री नवदीप विर्क भी मौजूद थे. बता दें पहले चरण में पानीपत व जगाधरी-यमुनानग में बसों को चलाया गया. पानीपत में फिलहाल तीन इलेक्ट्रिक सिटी बस चालू की गई हैं और जल्द ही पांच अन्य बसों को भी बेड़े में शामिल किया जाएगा. सिटी बस सेवा का किराया 10 से 50 रुपये के बीच होगा और रूट 28 से 30 किलोमीटर का होगा.
7 शहरों में कब शुरू होगी बस सेवा?
पानीपत के अलावा बाकी सात शहरों में भी नए बस संस्थान बनने के बाद इसी साल के मध्य तक शुरूआत की जाएगी. मुख्यमंत्री लाल ने बताया कि पानीपत और जगाधरी में इलेक्ट्रिक सिटी बस के लांच के बाद पंचकूला, अंबाला, सोनीपत, रेवाड़ी, करनाल, रोहतक और हिसार सहित सात शहरों में सरकार की ओर से जून 2024 तक इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. परिवहन विभाग में इसको लेकर 450 बसों को शामिल किया गया है.