राम मंदिर पर सवाल उठाने वालों पर भड़के नित्यानंद राय, कहा- ये लोग मानसिक रूप से बीमार, इन्हें इलाज की जरूरत

मुजफ्फरपुर पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राम मंदिर और हिंदू धर्म पर बोलने और टिप्पणी करने वालों को जमकर निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि ये सब पागलपन के शिकार हैं.

राम मंदिर पर सवाल उठाने वालों पर भड़के नित्यानंद राय, कहा- ये लोग मानसिक रूप से बीमार, इन्हें इलाज की जरूरत

मुजफ्फरपुर, भारत24 डिजिटल डेस्क: अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर विपक्ष के कुछ नेताओं द्वारा बहिष्कार के मुद्दे पर राजनीति जारी है. इस बीच मुजफ्फरपुर पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राम मंदिर और हिंदू धर्म पर बोलने और टिप्पणी करने वालों को जमकर निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि ये सब पागलपन के शिकार हैं और इनका मानसिक संतुलन खराब हो चुका. यही वजह है कि ये सब भगवान राम और अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर पर बोलने लगे हैं. जनता जल्द ही ऐसे लोगों को सजा देगी और पागलखाना भेजने का काम करेगी. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सब लोग सत्ता के लोभ में पागल हो गए हैं और इनको आस्था और देश से कोई मतलब नहीं है.

सत्ता लोभी विपक्ष को नहीं पच रहा मंदिर निर्माण

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा नेता नित्यानंद राय ने विरोधी दल पर बड़ा हमला बोला है. कहा कि सत्ता के लोभी लोगों से खुशी देखी नहीं जा रही है तो अब भगवान और आस्था पर सवाल खड़ा करने में लग गए हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यही कारण है कि जनता ने ऐसे लोगों को नकार दिया है और इसलिए ऐसी राजनीतिक पार्टियां धीरे-धीरे सत्ता से बाहर होती जा रही हैं. उन्होंने कहा कि भगवान पर विपक्षी दल सवाल खड़े रहे हैं. ये लोग मानसिक रूप में बीमार हो गए हैं अब इनको इलाज की जरूरत है. इसलिए अब जनता ने ठान लिया है कि इनको अब बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए.

INDI गठबंधन में आपसी फूट

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि I.N.D.I.A. गठबंधन में नेताओं का आपस में ही भरोसा नहीं है. सबसे बड़ी बात यह है कि जनता से इनको कोई भी लेने देना नहीं है. इसलिए आपस में लड़ रहे और आगे भी लड़ते रहेंगे. आगामी विधानसभा चुनाव यानी लोकसभा चुनाव 2024 में ये लोग फिर हारेंगे.

रिपोर्ट: विशाल कुमार