नई दिल्लीः सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन मिलाया, जो ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी पहली बातचीत थी. इस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में उनकी जीत पर बधाई दी. दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य और दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की.
मोदी-ट्रंप की ये दूसरी बातचीत
इस फोन कॉल से ये पता लगता है कि दोनों नेताओं के बीच लगातार संवाद बना हुआ है, जो उनके आपसी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे पहले, राष्ट्रपति चुनाव जीतने के तुरंत बाद ट्रंप और पीएम मोदी के बीच 6 नवंबर 2024 को पहली वार्ता हुई थी. प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई यह बातचीत द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है.
चीन के खिलाफ ट्रंप नीति
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के तुरंत बाद चीन पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया था और बाद में उन्होंने इस बारे में बात भी की थी. अमेरिका-चीन के रिश्ते पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा था, "हमें इसे निष्पक्ष बनाना होगा. हम केवल निष्पक्षता चाहते हैं. हम बस समान अवसर चाहते हैं. हम फायदा नहीं उठाना चाहते. चीन के साथ हमारा भारी घाटा चल रहा है. बाइडेन ने इसे हाथ से निकलने दिया. यह सिर्फ एक अनुचित संबंध है. हमें इसे बिल्कुल निष्पक्ष बनाना होगा. हमें इसे अभूतपूर्व नहीं बनाना है, हमें इसे एक निष्पक्ष संबंध बनाना है. फिलहाल, यह उचित रिश्ता नहीं है."
ये भी पढ़ेंः महाकुंभ में 'पाप' धोने गया था शातिर तस्कर, संगम से नहाकर निकला और फिर... पूरी 'फिल्मी' है ये कहानी