
हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है. यह न सिर्फ पूजा-अर्चना का अहम हिस्सा है, बल्कि वास्तु शास्त्र के अनुसार भी घर में सकारात्मक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और शांति लाने वाला पौधा माना जाता है. हालांकि इसका पूरा लाभ तभी मिलता है, जब इसे सही दिशा और उचित स्थान पर रखा जाए.

वास्तु शास्त्र के अनुसार दक्षिण दिशा यम की दिशा मानी जाती है. इसलिए इस दिशा में तुलसी का पौधा रखना शुभ नहीं माना जाता. मान्यता है कि इससे घर की सकारात्मक ऊर्जा प्रभावित हो सकती है और आर्थिक व मानसिक परेशानियां बढ़ सकती हैं.

तुलसी का पौधा बेहद पवित्र माना जाता है, इसलिए इसे कभी भी बाथरूम, कूड़ेदान या गंदगी वाली जगह के आसपास नहीं रखना चाहिए. ऐसी जगहों पर रखने से पौधे की पवित्रता प्रभावित होती है और वास्तु दोष उत्पन्न होने की मान्यता है.

तुलसी के पौधे को अच्छी धूप और ताजी हवा की जरूरत होती है. इसे अंधेरी, बंद या नमी वाली जगह पर रखने से पौधा कमजोर हो सकता है. वास्तु के अनुसार भी ऐसे स्थान पर तुलसी रखने से उसका शुभ प्रभाव कम हो जाता है.

कई लोग जगह की कमी के कारण तुलसी का पौधा जूते-चप्पलों के पास या सीढ़ियों के नीचे रख देते हैं. वास्तु शास्त्र में इसे उचित नहीं माना गया है. तुलसी को हमेशा साफ, ऊंचे और सम्मानजनक स्थान पर रखना चाहिए, जहां उसकी नियमित पूजा और देखभाल की जा सके.

वास्तु शास्त्र के अनुसार तुलसी का पौधा उत्तर, उत्तर-पूर्व (ईशान कोण) या पूर्व दिशा में रखना सबसे शुभ माना जाता है. इन दिशाओं में रखा गया तुलसी का पौधा घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और परिवार में सुख-शांति बनाए रखने में सहायक माना जाता है.

तुलसी के पौधे को रोज़ाना जरूरत के अनुसार पानी दें और उसके आसपास साफ-सफाई बनाए रखें. सूखी पत्तियों और टहनियों को समय-समय पर हटाते रहें. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सुबह-शाम दीपक जलाकर पूजा करने और पौधे की नियमित देखभाल करने से घर में सकारात्मक वातावरण बना रहता है.