
रैपर बादशाह और ईशा रिखी की शादी को अभी चार महीने ही हुए हैं. ऐसे में ईशा की एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है. पोस्ट सामने आते ही लोगों ने उनकी शादीशुदा जिंदगी को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. हालांकि, दोनों की ओर से अब तक किसी तरह का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

ईशा ने अपनी शादी के कई खूबसूरत पलों की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए. इन तस्वीरों में दोनों की केमिस्ट्री भी नजर आई, लेकिन आखिरी फोटो ने सबका ध्यान खींच लिया. इस तस्वीर में ईशा की आंखों में आंसू दिखाई दिए, जबकि बादशाह उन्हें गले लगाकर संभालते नजर आए. इसी फोटो के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया.

तस्वीरों के साथ ईशा ने लिखा, "Every storm is a lesson Every prayer is hope" इसके साथ उन्होंने टूटे दिल और प्रार्थना वाले इमोजी भी शेयर किए. इस भावुक कैप्शन को पढ़कर कई लोगों ने अंदाजा लगाया कि शायद उनकी निजी जिंदगी में कुछ ठीक नहीं चल रहा. हालांकि, पोस्ट का असली मतलब क्या है, यह सिर्फ ईशा ही जानती हैं.

सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें की जा रही हैं, लेकिन फिलहाल इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बादशाह और ईशा, दोनों ने रिश्ते में किसी परेशानी की बात नहीं कही है.

बादशाह और ईशा ने अपनी शादी को काफी निजी रखा था. शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद ही लोगों को उनके रिश्ते की जानकारी मिली. दोनों ने हमेशा अपनी पर्सनल लाइफ को मीडिया और लाइमलाइट से दूर रखा है. यही वजह है कि उनकी हर नई पोस्ट फैंस के बीच चर्चा का विषय बन जाती है.

ईशा की पोस्ट पर हजारों फैंस ने कमेंट किए. किसी ने उनके लिए दुआ की, तो किसी ने लिखा कि उम्मीद है सब कुछ ठीक होगा. वहीं कई लोगों ने दोनों से सच्चाई बताने की भी अपील की. सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है.

फिलहाल यह साफ नहीं है कि ईशा की पोस्ट किसी निजी अनुभव से जुड़ी है या सिर्फ एक भावनात्मक विचार साझा किया गया है. जब तक बादशाह या ईशा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आता, तब तक शादी में दरार की खबरों को महज अटकल ही माना जाना चाहिए. फैंस अब दोनों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं.