IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव किया है. फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है. जहीर अब स्टीफन फ्लेमिंग की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिनका चेन्नई के साथ करीब 18 साल का लंबा सफर समाप्त हो गया है. CSK ने 21 सितंबर को आधिकारिक तौर पर जहीर की नियुक्ति का ऐलान किया.
फ्लेमिंग की जगह जहीर को मिली कमान
स्टीफन फ्लेमिंग ने 2008 में बतौर खिलाड़ी CSK के साथ जुड़ने के बाद 2009 से हेड कोच की भूमिका संभाली थी. उनके कार्यकाल में चेन्नई ने पांच IPL खिताब और दो चैंपियंस लीग T20 ट्रॉफी जीतीं. अब फ्रेंचाइजी ने अगले सीजन के लिए भारतीय क्रिकेट के अनुभवी चेहरे जहीर खान पर भरोसा जताया है. यह जहीर का किसी टीम के हेड कोच के तौर पर पहला बड़ा कार्यभार होगा.
Left Arm “Taking” Over! 💫🦁
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) September 21, 2026
Welcoming Zaheer Khan as the Head Coach of Chennai Super Kings!#WhistlePodu #Yellove 🦁💛
मुंबई से लखनऊ तक कोचिंग का अनुभव
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद जहीर ने IPL में कई अहम भूमिकाएं निभाई हैं. वह मुंबई इंडियंस के साथ डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस और बाद में ग्लोबल डेवलपमेंट से जुड़े रहे. IPL 2025 में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर की जिम्मेदारी संभाली थी. ऐसे में CSK के साथ नई भूमिका में उन्हें टीम मैनेजमेंट और युवा खिलाड़ियों के साथ काम करने का अपना अनुभव इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा.
ऐसा रहा जहीर का IPL करियर
जहीर खान ने अपने IPL करियर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस और दिल्ली की टीमों का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने प्रतियोगिता में 100 मैच खेले और 102 विकेट अपने नाम किए. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 रहा, जबकि इकॉनमी रेट 7.58 रही. भारतीय क्रिकेट में भी उनका लंबा अनुभव रहा है और 2011 वनडे वर्ल्ड कप में वह भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे.
हेड कोच बनने के बाद क्या बोले जहीर?
CSK के हेड कोच बनने के बाद जहीर खान ने फ्रेंचाइजी से जुड़ने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक टीम का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है और चेपॉक में CSK के प्रशंसकों द्वारा बनाया जाने वाला माहौल इसे और खास बनाता है. IPL 2027 में अब जहीर के सामने नई जिम्मेदारी होगी और उनकी कोचिंग में CSK का अगला अध्याय शुरू होगा.
ये भी पढ़ें: जापान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का सपना होगा पूरा? जानें क्या कप्तान श्रेयस अय्यर दे पाएंगे ये बड़ा मौका