वैभव सूर्यवंशी से प्रभसिमरन तक... इन 5 खिलाड़ियों को मिला IPL में प्रदर्शन का फल, इंडिया ए की टीम में जगह

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई युवा खिलाड़ियों को अब बड़ा इनाम मिला है. बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने श्रीलंका में होने वाली वनडे ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ‘ए’ टीम का ऐलान कर दिया है.

Young Indian Players Who Performed Well In Ipl Now Selected For India A
Image Source: ANI

India A Squad: आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई युवा खिलाड़ियों को अब बड़ा इनाम मिला है. बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने श्रीलंका में होने वाली वनडे ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ‘ए’ टीम का ऐलान कर दिया है. इस 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को सौंपी गई है. टीम में कई ऐसे खिलाड़ियों को मौका मिला है जिन्होंने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा.

यह ट्राई-सीरीज 9 जून से 21 जून तक श्रीलंका में खेली जाएगी, जिसमें इंडिया ‘ए’, श्रीलंका ‘ए’ और अफगानिस्तान ‘ए’ की टीमें हिस्सा लेंगी. चयनकर्ताओं ने इस बार उन खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है जिन्होंने आईपीएल के मंच पर दबाव में शानदार खेल दिखाया. खास बात यह है कि महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में शामिल किया गया है.

वैभव सूर्यवंशी को मिला शानदार प्रदर्शन का इनाम

आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा चर्चा जिस युवा खिलाड़ी की हुई, वह वैभव सूर्यवंशी रहे. सिर्फ 15 साल की उम्र में उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों को प्रभावित किया.

वैभव ने इस सीजन अब तक 11 मैचों में 440 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 236.56 का रहा, जो टी20 क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज के लिए बेहद खास माना जाता है. उन्होंने बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ निडर होकर बल्लेबाजी की और लगातार तेजी से रन बनाए. यही वजह रही कि चयनकर्ताओं ने उन्हें इंडिया ‘ए’ टीम में मौका देने का फैसला किया.

सूर्यांश शेडगे ने मिडल ऑर्डर में छोड़ी छाप

मुंबई के युवा बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें आईपीएल के प्रदर्शन का फायदा मिला है. आईपीएल 2026 में वह पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे और सीमित मौकों में अपनी बल्लेबाजी से प्रभाव छोड़ा.

सूर्यांश ने चार मैचों में मिडल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए 189.28 के स्ट्राइक रेट से 106 रन बनाए. उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से रन बनाकर टीम के लिए उपयोगी पारियां खेलीं. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और मैच फिनिश करने की क्षमता को देखते हुए उन्हें इंडिया ‘ए’ टीम में जगह दी गई है.

प्रभसिमरन सिंह का बल्ला लगातार गरजा

पंजाब किंग्स के ओपनर प्रभसिमरन सिंह का आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म देखने को मिला. उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से कई मैचों में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई.

प्रभसिमरन ने इस सीजन 11 मैचों में 382 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 169.03 का रहा है. पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता ने चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया. लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें इंडिया ‘ए’ टीम में शामिल किया गया है.

प्रियांश आर्य ने भी दिखाई तूफानी बल्लेबाजी

प्रियांश आर्य ने भी आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से खास पहचान बनाई. पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने कई मैचों में आक्रामक बल्लेबाजी की.

प्रियांश ने इस सीजन अब तक 342 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 226.49 का रहा है. उन्होंने तेज रन गति से बल्लेबाजी करते हुए विरोधी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. प्रभसिमरन सिंह के साथ उनकी जोड़ी ने पंजाब किंग्स को कई मैचों में शानदार शुरुआत दिलाई. अब उनके प्रदर्शन का इनाम उन्हें इंडिया ‘ए’ टीम में चयन के रूप में मिला है.

हर्ष दुबे ने गेंदबाजी से खींचा ध्यान

जहां बल्लेबाजों ने अपने बल्ले से प्रभावित किया, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के स्पिनर हर्ष दुबे ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा.

हर्ष दुबे ने आईपीएल 2026 में अब तक 8 मैचों में 8 विकेट लिए हैं. उन्होंने बीच के ओवरों में किफायती गेंदबाजी करते हुए अहम विकेट हासिल किए. उनकी स्पिन गेंदबाजी ने कई मौकों पर टीम को मैच में वापसी दिलाई.

युवा खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं का भरोसा

इंडिया ‘ए’ टीम का यह चयन साफ दिखाता है कि चयनकर्ता अब घरेलू और आईपीएल प्रदर्शन को काफी अहमियत दे रहे हैं. युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर मौका देकर भविष्य की भारतीय टीम तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है.

श्रीलंका में होने वाली यह ट्राई-सीरीज इन खिलाड़ियों के लिए खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर के करीब साबित करने का बड़ा मौका होगी. अगर ये खिलाड़ी यहां भी अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो आने वाले समय में भारतीय सीनियर टीम के दरवाजे उनके लिए खुल सकते हैं.

ये भी पढ़ें- Virat Kohli: शतक लगाने के बाद विराट कोहली ने क्यों नहीं मनाया सेलिब्रेशन? खुद किया वजह का खुलासा