Gorakhpur JCB Incident: गोरखपुर में बुलडोजर की चपेट में आकर 13 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया. इस दौरान गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी उनके साथ मौजूद रहे. आर्यवर्धन बीजेपी नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के बेटे थे. बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है.
#WATCH गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में PDA रैली के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से जान गंवाने वाले 12 वर्षीय लड़के के शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उनके साथ भाजपा सांसद रवि किशन भी मौजूद हैं। https://t.co/NowoA9QCnf
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 19, 2026
सपा से जुड़े लोगों पर सीएम योगी ने लगाए आरोप
परिवार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों ने एक नाबालिग बच्चे को कुचलकर उसकी जान ले ली. उन्होंने कहा कि जेसीबी की टक्कर लगने के बाद बच्चे को कुचला गया. योगी ने इस घटना को गुंडागर्दी बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में ऐसी अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को कानून के दायरे में रहकर उनके किए की सजा दिलाई जाएगी.
स्वतंत्रता सेनानी के परिवार से जुड़ा था आर्यवर्धन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आर्यवर्धन का परिवार गोरखपुर की ऐतिहासिक चौरी-चौरा घटना से जुड़े एक महान क्रांतिकारी का वंशज है. उन्होंने इसे स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के साथ हुई क्रूरता बताते हुए अक्षम्य करार दिया. सीएम ने कहा कि सड़कें आवागमन के लिए होती हैं, न कि अराजकता फैलाने के लिए. उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मामले में कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाए.
बहन को ट्यूशन से लेने जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय आर्यवर्धन अपनी बहन को ट्यूशन से लाने के लिए स्कूटर से जा रहा था. इसी दौरान गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में झारखंडी और कूड़ाघाट के बीच एक जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी. हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल इलाज के लिए एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता ओंकार सिंह की शिकायत पर छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन को भी जब्त कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है और प्रशासन की ओर से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया गया है.
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासन में किसी को भी ऐसे मामलों में झूठा फंसाया जा सकता है. अखिलेश ने यह भी कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी और प्रशासन की ओर से कोई एहतियाती इंतजाम नहीं किए गए थे. इस घटना को लेकर अब प्रदेश में सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें- UP Panchayat Election: यूपी पंचायत चुनाव में फिर बढ़ा इंतजार, योगी सरकार ने प्रशासकों का कार्यकाल 6 महीने बढ़ाया