नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले 12-13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं. उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से आर्थिक तरक्की कर रहा है और गरीबी कम होने की रफ्तार भी पहले के मुकाबले तेज हुई है. प्रधानमंत्री नई दिल्ली के भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के 100 साल पूरे होने पर आयोजित शताब्दी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
इस दौरान पीएम मोदी ने देश की आर्थिक प्रगति, गरीबी में कमी, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के साथ उद्योग जगत की भूमिका पर बात की. उन्होंने कारोबारियों से अगले 20 वर्षों के निवेश फैसलों में 'इंडिया फर्स्ट' को प्राथमिकता देने की अपील की. साथ ही उद्योगों से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और विदेशी बाजारों की मांग के अनुसार भारतीय उत्पाद तैयार करने को कहा.
100 साल का सफर पूरा करने पर FICCI को दी बधाई
पीएम मोदी ने FICCI के 100 साल पूरे होने पर संस्था को बधाई दी. उन्होंने कहा कि किसी संगठन का एक सदी तक लगातार सक्रिय रहना और समय के साथ खुद को बदलते रहना बड़ी उपलब्धि है. FICCI ने भारत की आर्थिक यात्रा में लंबे समय से अपनी भूमिका निभाई है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 100 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. देश ने लाइसेंस और कोटा व्यवस्था का दौर देखा, राष्ट्रीयकरण की नीतियों का अनुभव किया और एक समय ऐसा भी आया जब भारतीय अर्थव्यवस्था को दुनिया की कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाने लगा था.
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और उद्योग जगत ने मिलकर आर्थिक स्थिति को बदलने में योगदान दिया है.
50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में भारत के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. उन्होंने इसे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया.
पीएम मोदी ने कहा कि 1970 के दशक में भी देश में गरीबी हटाने का नारा दिया गया था. उस समय भारत की आबादी करीब 50 करोड़ थी. लेकिन उस दौर में सही नीतियों और मजबूत इच्छाशक्ति की कमी के कारण गरीबी कम करने के लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सका.
उन्होंने कहा कि जब सही नीयत और नीतियों के साथ काम किया गया, तो 12-13 वर्षों में ही 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली. यह भारत की बदलती आर्थिक स्थिति को दिखाता है.
कारोबारियों से 'इंडिया फर्स्ट' को प्राथमिकता देने की अपील
पीएम मोदी ने उद्योग जगत के लोगों से कहा कि वे अगले 20 वर्षों के लिए निवेश से जुड़े फैसले लेते समय 'इंडिया फर्स्ट' को ध्यान में रखें. उन्होंने कहा कि इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा और कारोबारियों के सामने भी विकास के नए अवसर खुलेंगे.
प्रधानमंत्री ने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के विचार पर जोर देते हुए महात्मा गांधी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि करीब 100 साल पहले गांधीजी ने भी स्वदेशी अपनाने की बात कही थी. आज इतने साल बाद भी देश को उसी सोच के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है. पीएम मोदी ने उद्योग जगत से स्वदेशी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की.
कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाए उद्योग जगत
प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने का भी आग्रह किया. उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियों को विदेशी बाजारों की जरूरतों को समझकर उत्पाद तैयार करने चाहिए.
पीएम मोदी ने कहा कि उद्योगों को ऐसे विदेशी बाजारों की पहचान करनी चाहिए, जहां भारतीय उत्पादों की मांग है. इसके लिए भरोसेमंद खरीद व्यवस्था तैयार करने और बाजार की जरूरत के हिसाब से उत्पादन बढ़ाने पर ध्यान देना होगा.
उन्होंने कहा कि इससे भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलेगी और देश के कारोबार को भी फायदा होगा.
भारत की आर्थिक तरक्की पर भी रखी बात
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले वर्षों में देश के पास विकास के बड़े अवसर हैं. वहीं, अक्टूबर में भारत के निर्यात के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने और चालू वित्त वर्ष में आर्थिक विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने के अनुमान को भी देश की आर्थिक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है.
उन्होंने उद्योग जगत से अपील की कि देश की आर्थिक प्रगति में अपनी भागीदारी बढ़ाएं और लंबे समय के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर निवेश करें. पीएम मोदी के मुताबिक, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने से देश की अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी.
ये भी पढ़ें- दो प्राइवेट पार्ट्स के साथ पैदा हुई महिला, एडल्ट इंडस्ट्री ने दिया करोड़ों का ऑफर, जानें पूरी कहानी