एलन मस्क का बड़ा धमाका! OpenAI-Meta को टक्कर देने आया xAI का नया धांसू इमेज टूल, मिलेंगे धाकड़ फीचर्स

कंपनी ने Imagined Image 2.0 लॉन्च किया है, जिसे सिर्फ एआई से तस्वीरें बनाने वाला टूल नहीं बल्कि इमेज एडिटिंग और डिजाइन के लिए एक व्यापक प्लेटफॉर्म के तौर पर पेश किया गया है.

xai-imagined-image-2-launch-features-ai-editing
Image Source: Social Media

एआई की दुनिया में टेक कंपनियों के बीच मुकाबला लगातार तेज हो रहा है और अब एलन मस्क की xAI ने इसमें एक और बड़ा कदम बढ़ाया है. कंपनी ने Imagined Image 2.0 लॉन्च किया है, जिसे सिर्फ एआई से तस्वीरें बनाने वाला टूल नहीं बल्कि इमेज एडिटिंग और डिजाइन के लिए एक व्यापक प्लेटफॉर्म के तौर पर पेश किया गया है. xAI का दावा है कि नया मॉडल प्रोफेशनल जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें बेहतर टेक्स्ट रेंडरिंग, लेआउट, डिजाइन और एडिटिंग क्षमताएं दी गई हैं, जिससे यह OpenAI और Meta के एआई इमेज टूल्स के सामने सीधी चुनौती पेश कर सकता है.

कहां-कहां होगा इस्तेमाल?

Imagined Image 2.0 को विकसित करते समय xAI ने इस बात पर खास ध्यान दिया है कि एआई से तैयार तस्वीरें सिर्फ देखने में आकर्षक न हों, बल्कि उन्हें वास्तविक काम में भी इस्तेमाल किया जा सके. मॉडल यूजर के विस्तृत प्रॉम्प्ट को समझकर उसके अनुरूप इमेज तैयार करने में सक्षम होने का दावा करता है. खास तौर पर टाइपोग्राफी, लेआउट और तस्वीर में मौजूद टेक्स्ट को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है. इसका इस्तेमाल पोस्टर, प्रेजेंटेशन, सोशल मीडिया क्रिएटिव, विज्ञापन डिजाइन और अन्य विजुअल कंटेंट तैयार करने में किया जा सकता है.

Magic Wand से तस्वीर के खास हिस्से में बदलाव

नए मॉडल की सबसे दिलचस्प खासियत इसका एडिटिंग सिस्टम है. Magic Wand की मदद से यूजर पूरी तस्वीर को दोबारा जनरेट किए बिना उसके किसी खास हिस्से में बदलाव कर सकता है. इसके साथ Segmentation Tool भी दिया गया है, जो तस्वीर के किसी विशेष हिस्से को सटीक तरीके से चुनने में मदद करता है. यूजर बैकग्राउंड हटाकर ट्रांसपेरेंट इमेज भी तैयार कर सकता है. इसके अलावा एक ही जनरेशन में पांच तक रेफरेंस इमेज का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे किसी खास स्टाइल या विजुअल एलिमेंट को नई तस्वीर में बनाए रखना आसान हो जाता है.

Templates से आसान होगी इमेज जनरेशन

xAI ने Imagined Image 2.0 में अलग-अलग जरूरतों के लिए तैयार टेम्पलेट भी जोड़े हैं. इनमें फोटो एडिटिंग, प्रोफेशनल हेडशॉट, प्रोडक्ट फोटोग्राफी, आइकन और गेम एसेट जैसे विकल्प शामिल हैं. इससे यूजर को हर बार लंबा और जटिल प्रॉम्प्ट लिखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. फिलहाल यह टूल Grok के जरिए iOS, Android और वेब पर उपलब्ध है, जबकि xAI भविष्य में इसका API भी जारी करने की तैयारी कर रही है. ऐसे में Imagined Image 2.0 कंपनी की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए वह एआई इमेज जनरेशन के बाजार में OpenAI और Meta जैसे बड़े खिलाड़ियों के सामने अपनी जगह मजबूत करना चाहती है.

ये भी पढ़ें: भारत में इस दिन लॉन्च होगी Google Pixel 11 सीरीज, कीमत से लेकर फीचर्स तक... जानें पूरी डिटेल्स