Women’s Asia Cup 2026: विमेंस एशिया कप 2026 अब खिताबी जंग के बेहद करीब पहुंच चुका है. ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले खत्म होने के साथ ही सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गई हैं. भारत ने ग्रुप-A में शीर्ष स्थान हासिल किया है, जबकि ग्रुप-B से बांग्लादेश ने UAE को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. अब फाइनल के टिकट के लिए टीम इंडिया का सामना बांग्लादेश से होगा.
103 रन के स्कोर के बाद भी बांग्लादेश की शानदार जीत
ग्रुप-B के आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश और UAE की टीमें आमने-सामने थीं. दोनों टीमों के खाते में 2-2 अंक थे और इस मुकाबले का नतीजा सेमीफाइनल की दूसरी टीम तय करने वाला था. बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 103 रन बनाए. UAE के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेशी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. शरमीन अख्तर ने 38 रन की अहम पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, जबकि सुरक्षा कोट्टे ने 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए.
हालांकि, 104 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम बांग्लादेशी गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई. मेजबान टीम 20 ओवर में सिर्फ 69 रन ही बना सकी. इस तरह बांग्लादेश ने 34 रन से मुकाबला अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया.
भारत और बांग्लादेश के बीच होगा पहला सेमीफाइनल
अब टूर्नामेंट में खिताब की ओर बढ़ने के लिए भारत और बांग्लादेश के बीच अहम मुकाबला होगा. ग्रुप-A में शीर्ष पर रहने वाली भारतीय टीम का सामना ग्रुप-B की दूसरे नंबर की टीम बांग्लादेश से होगा. दोनों टीमों के बीच पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 8 बजे होगी.
टीम इंडिया की नजरें अब सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाने पर होंगी. वहीं बांग्लादेश भी ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में UAE को हराने के बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगा.
दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका और पाकिस्तान की भिड़ंत
टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को खेला जाएगा. इसमें ग्रुप-B की टॉपर श्रीलंका का सामना ग्रुप-A में दूसरे स्थान पर रहने वाली पाकिस्तान की टीम से होगा. यह मुकाबला भी दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 8 बजे से शुरू होगा. दोनों सेमीफाइनल के विजेताओं की नजर अब सीधे ट्रॉफी पर होगी. खिताबी मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा, जहां एशिया कप की ट्रॉफी के लिए दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें आमने-सामने होंगी.
ये भी पढ़ें- ICC रैंकिंग में भारत का जलवा, दीप्ति शर्मा ने लगाई छलांग, श्री चरणी नंबर-1 पर बरकरार