गैस कनेक्शन काट देंगे... ग्रेटर नोएडा में महिला के साथ साइबर ठगी, ऐसे ऐंठ लिए लाखों रुपये

देशभर में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर संकट और अफवाहें फैली हुई हैं, लेकिन इस दौरान साइबर ठगों ने भी एक नया तरीका अपनाया है. हाल ही में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला से गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर ठगों ने उनके बैंक खाते से 21 लाख रुपये निकाल लिए.

woman was cyber-cheated in Greater Noida by threatening to cut gas connection
Image Source: Freepik

देशभर में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर संकट और अफवाहें फैली हुई हैं, लेकिन इस दौरान साइबर ठगों ने भी एक नया तरीका अपनाया है. हाल ही में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला से गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर ठगों ने उनके बैंक खाते से 21 लाख रुपये निकाल लिए. इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को उजागर किया है. महिला ने इस मामले की शिकायत पुलिस और साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई है और पुलिस अब इसकी जांच कर रही है. आइए जानते हैं पूरी घटना के बारे में.

गैस कनेक्शन काटने का दिखाया डर

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाली गुजीब कालरा को उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को आईजीएल गैस कंपनी का कर्मचारी बताया और महिला से कहा कि उनके गैस कनेक्शन का बिल बकाया है. उसने चेतावनी दी कि अगर तुरंत भुगतान नहीं किया गया, तो उनका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा. यह सुनकर महिला घबरा गई और कॉल करने वाले व्यक्ति पर विश्वास कर लिया, क्योंकि वह इस बात से चिंतित थी कि कनेक्शन कट न जाए.

लिंक के जरिए बैंक मांगी डिटेल्स 

आरोपी ने महिला को एक लिंक भेजा और कहा कि वह इस लिंक के माध्यम से अपना गैस बिल तुरंत भुगतान कर सकती है. महिला ने जैसे ही लिंक खोला, उसमें बैंक खाते से संबंधित जानकारी भरने का विकल्प दिखाई दिया. बिना सोचे-समझे महिला ने अपनी बैंक डिटेल्स भर दी. इस प्रक्रिया से ठगों को महिला के बैंक खाते की पूरी जानकारी मिल गई, और उन्होंने इसका इस्तेमाल कर 21 लाख रुपये निकाल लिए.

कई ट्रांजैक्शन कर निकाले 21 लाख रुपये

महिला के खाते से एक के बाद एक 11 ट्रांजैक्शन किए गए, और कुल मिलाकर 21 लाख रुपये निकाल लिए गए. कुछ समय बाद, महिला के मोबाइल फोन पर लगातार बैंक से पैसे कटने के मैसेज आने लगे. यह देखकर महिला को समझ में आया कि वह ठगी का शिकार हो गई है. ठगी के बाद महिला ने तुरंत पुलिस और साइबर क्राइम हेल्पलाइन से संपर्क किया.

पुलिस ने शुरू की जांच

महिला ने इस घटना के बाद साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से मदद मांगी. पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज की और जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी साइबर सेल, विजय राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 61 वर्षीय महिला की तरफ से एक शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

ये भी पढ़ें: यूपी में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की कब आएगी पहली किस्त? फाइनल डेट आ गई सामने; जानें पूरी डिटेल