पैदल बॉर्डर पार कर बांग्लादेश जाएंगी शेख हसीना? जुटेंगे आवामी लीग के कार्यकर्ता, जानें सीक्रेट प्लान

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर आवामी लीग एक नई योजना बना रही है. बांग्लादेश सरकार ने उन्हें पासपोर्ट और राष्ट्रीय नागरिकता प्रमाण पत्र देने से इनकार कर दिया है.

Will Sheikh Hasina cross the border into Bangladesh on foot return to Dhaka
Image Source: ANI

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर आवामी लीग एक नई योजना बना रही है. बांग्लादेश सरकार ने उन्हें पासपोर्ट और राष्ट्रीय नागरिकता प्रमाण पत्र देने से इनकार कर दिया है. इसके बाद पार्टी अब उनकी वापसी के लिए अलग रास्ता तलाश रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस योजना के तहत शेख हसीना पैदल ही बांग्लादेश की सीमा पार कर सकती हैं. इस दौरान उनके साथ आवामी लीग के लाखों कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया जा रहा है.

बांग्लादेश के डेली टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पासपोर्ट के लिए शेख हसीना की कानूनी टीम तारिक रहमान सरकार को एक और नोटिस भेजेगी. अगर सरकार की तरफ से इस पर भी कोई जवाब नहीं मिलता है तो पार्टी उनकी पैदल ढाका वापसी की योजना पर आगे बढ़ सकती है.

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 20-21 दिसंबर के आसपास शेख हसीना बेनापोल बॉर्डर के रास्ते बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर सकती हैं. 80 साल की शेख हसीना अगस्त 2024 से भारत की राजधानी नई दिल्ली में रह रही हैं.

तारिक रहमान सरकार ने की प्रत्यर्पण की मांग

दूसरी तरफ, बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार शेख हसीना को भारत से वापस लाने की मांग कर रही है. बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन चौधरी का कहना है कि हसीना ढाका छोड़कर दिल्ली चली गई थीं. उनके खिलाफ देश में कई मामले दर्ज हैं और कुछ मामलों में उन्हें मौत की सजा भी सुनाई जा चुकी है. बांग्लादेश सरकार ने उनके प्रत्यर्पण की मांग की है. हालांकि, इस मामले पर भारत की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

आवामी लीग कर रही बड़े शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

आवामी लीग के नेताओं के हवाले से आई रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी शेख हसीना की वापसी को बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश करना चाहती है. इसके लिए पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बॉर्डर के पास जुटने के निर्देश दिए जाने की बात कही गई है.

पार्टी का मकसद दुनिया को यह दिखाना है कि बांग्लादेश में आज भी शेख हसीना का समर्थन करने वाले बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं. आवामी लीग का यह भी दावा है कि छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाएं पहले से तय योजना का हिस्सा थीं.

1981 में भी विमान से लौटी थीं शेख हसीना

शेख हसीना चार बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रह चुकी हैं. उनके पिता शेख मुजीबुर रहमान ने बांग्लादेश की आजादी और स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी. साल 1975 में पिता की हत्या के बाद शेख हसीना भारत आ गई थीं. करीब छह साल बाद 17 मई 1981 को वह विमान से ढाका लौटीं. उस समय एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए हजारों समर्थक मौजूद थे.

बांग्लादेश लौटने के करीब 16 साल बाद 1996 में शेख हसीना पहली बार देश की प्रधानमंत्री बनीं. अब एक बार फिर उनकी वतन वापसी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. हालांकि, दिसंबर में उनकी वापसी की योजना को लेकर किए जा रहे दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

ये भी पढ़ें- रूस-यूक्रेन के बीच शांति कराएगा भारत? पीएम मोदी ने जेलेंस्की और जयशंकर ने लावरोव से की बात