रूस-यूक्रेन के बीच शांति कराएगा भारत? पीएम मोदी ने जेलेंस्की और जयशंकर ने लावरोव से की बात

रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जारी युद्ध को खत्म कराने के लिए भारत एक बार फिर सक्रिय हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की है.

Will India broker peace between Russia and Ukraine PM Modi spoke with Zelenskyy
Image Source: ANI

रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जारी युद्ध को खत्म कराने के लिए भारत एक बार फिर सक्रिय हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की है. वहीं, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी बात की. दोनों देशों के नेताओं के साथ भारत की इन बातचीत को अहम माना जा रहा है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि भारत दोनों पक्षों के बीच बातचीत और शांति का रास्ता निकालने की कोशिश कर रहा है.

9 नवंबर को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बातचीत की. इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध के हालात और इसे खत्म करने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा की. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बातचीत में यूक्रेन संघर्ष और उससे जुड़े राजनयिक प्रयास मुख्य मुद्दे रहे. खास बात यह है कि इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जेलेंस्की से फोन पर बात की. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि युद्ध का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जा सकता है.

जेलेंस्की ने मोदी को दी कूटनीतिक बातचीत की जानकारी

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत में हाल के कूटनीतिक घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अबू धाबी में प्रस्तावित बैठक की तैयारियां चल रही हैं. जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन बातचीत के लिए सकारात्मक और सहयोगात्मक रुख अपना रहा है. उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि रूस तनाव कम करने और युद्ध खत्म करने के लिए गंभीर कदम उठाएगा.

रूस और यूक्रेन के बीच भारत की भूमिका क्यों अहम?

भारत के रूस और यूक्रेन दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं. रूस लंबे समय से भारत का रणनीतिक साझेदार रहा है. वहीं, यूक्रेन के साथ भी भारत के कूटनीतिक और आर्थिक रिश्ते हैं. ऐसे में भारत दोनों देशों के नेताओं से बातचीत कर सकता है. भारत लगातार यह कहता रहा है कि किसी भी विवाद का हल युद्ध से नहीं, बल्कि बातचीत और कूटनीति से निकाला जाना चाहिए. प्रधानमंत्री मोदी भी कई बार कह चुके हैं कि यह समय युद्ध का नहीं, बल्कि शांति का है.

क्या भारत की कोशिशों से खत्म होगा युद्ध?

फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध कब खत्म होगा. भारत दोनों देशों के संपर्क में है और शांति की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है. हालांकि, अभी भारत की ओर से किसी औपचारिक मध्यस्थता की घोषणा नहीं हुई है. दोनों पक्षों के साथ लगातार बातचीत बनाए रखना भारत की सक्रिय कूटनीति को दिखाता है. अब देखना होगा कि भारत की ये कोशिशें युद्ध खत्म कराने और दोनों देशों को बातचीत की मेज पर लाने में कितनी मददगार साबित होती हैं.