Trump-Jinping Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस हफ्ते चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करने वाले हैं. इस बैठक में चीन की जेल में बंद एक अमेरिकी नागरिक की रिहाई का मुद्दा भी उठ सकता है. मामला अमेरिकी एक्सपर्ट यूलिन चेन से जुड़ा है, जो नवंबर 2024 से चीन में हिरासत में हैं.
चेन की पत्नी युफांग रोंग ने मंगलवार को बताया कि व्हाइट हाउस की ओर से उन्हें भरोसा दिया गया है कि ट्रंप, शी जिनपिंग के सामने उनके पति की रिहाई की मांग रखेंगे. रोंग को आशंका है कि चीन उनके पति पर जासूसी का आरोप लगाकर मुकदमा चला सकता है.
कौन हैं युफांग रोंग?
युफांग रोंग, यूलिन चेन की पत्नी हैं. चेन अमेरिका में काम करने वाले भूकंप वैज्ञानिक यानी सिस्मोलॉजिस्ट हैं. उनका काम उत्तर कोरिया के अंडरग्राउंड परमाणु परीक्षणों का पता लगाने से जुड़ा रहा है.
चेन को 2011 में अमेरिकी नागरिकता मिली थी और वह बोस्टन इलाके में रहते हैं. उनके रिसर्च प्रोजेक्ट को अमेरिकी विदेश विभाग और अमेरिकी एयरफोर्स की रिसर्च लैबोरेटरी से फंडिंग मिली थी. रोंग का कहना है कि उनके पति की रिसर्च सार्वजनिक डेटा पर आधारित थी और उन्होंने चीनी वैज्ञानिकों के साथ भी काम किया था.
नवंबर 2024 से चीन में बंद हैं चेन
यूलिन चेन को 5 नवंबर 2024 को बीजिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था. उस वक्त वह परिवार से मिलने और दो यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के बाद अमेरिका लौट रहे थे. रोंग के मुताबिक, उनके पति से अब तक 100 से ज्यादा बार पूछताछ हो चुकी है.
अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों को महीने में करीब एक बार उनसे मिलने की इजाजत मिलती है. इन मुलाकातों के दौरान भी चीनी अधिकारी मौजूद रहते हैं. रोंग ने चेन की मेडिकल सुविधा और खाने को लेकर भी चिंता जताई है. उनका कहना है कि चेन को हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की समस्या है.
ट्रंप से क्यों है उम्मीद?
चेन उन दो अमेरिकी नागरिकों में शामिल हैं, जिन्हें अमेरिका गलत तरीके से हिरासत में लिया गया मानता है. दूसरा मामला मिन जिन का है, जिन्हें जून में गिरफ्तार किया गया था. रोंग ने बताया कि मंगलवार को व्हाइट हाउस में स्टेट डिपार्टमेंट और नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के अधिकारियों के साथ उनकी बैठक हुई. इस दौरान उन्हें बताया गया कि ट्रंप शी जिनपिंग के सामने चेन की रिहाई का मुद्दा उठाएंगे.
रोंग के मुताबिक, ट्रंप मई में चीन दौरे के दौरान भी जिनपिंग के सामने उनके पति का मामला उठा चुके हैं, लेकिन तब कोई नतीजा नहीं निकला. रोंग ने कहा कि अगर उन्हें अपने पति से मिलने का मौका मिला तो वह उनसे सिर्फ इतना कहेंगी, “मजबूत बने रहो. उम्मीद बनाए रखो. बहुत से लोग तुम्हारी मदद कर रहे हैं. तुम जरूर वापस आओगे.”
ये भी पढ़ें- भारत के आगे झुका पाकिस्तान का ये दोस्त, डीजल के लिए अब इंडिया पर निर्भर, यूरोप-केन्या भी बने ग्राहक