Panchkula Municipal Election Result: हरियाणा नगर निकाय चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है. पंचकूला नगर निगम चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार श्याम लाल बंसल ने बड़ी जीत दर्ज की. उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज को 36 हजार से ज्यादा वोटों से हराया. श्याम लाल बंसल को कुल 68,544 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 32,292 वोट हासिल हुए.
पंचकूला नगर निगम के 20 वार्डों में भी बीजेपी का दबदबा देखने को मिला. पार्टी ने 17 वार्डों में जीत दर्ज की. वहीं एक वार्ड में कांग्रेस और दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीते. जीत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है.
हरियाणा स्थानीय निकाय चुनावों में जनता ने माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में कमल के फूल पर एकतरफा विश्वास जताते हुए हमारे उम्मीदवारों को विजयी बनाया है।
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) May 13, 2026
मैं सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ। pic.twitter.com/vcbuUdaznn
अंबाला और सोनीपत में भी बीजेपी की जीत
अंबाला नगर निगम चुनाव में बीजेपी की अक्षिता सैनी ने कांग्रेस की कुलविंदर कौर को 21 हजार से ज्यादा वोटों से हराया. वहीं सोनीपत में बीजेपी उम्मीदवार राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल देवन को 23 हजार से ज्यादा वोटों से मात दी.
रविवार को हुई थी वोटिंग
अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में मेयर और पार्षद पद के लिए रविवार को मतदान हुआ था. इसके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद और सांपला, धारूहेड़ा व उकलाना नगर समितियों में भी चुनाव कराए गए थे. वोटों की गिनती बुधवार सुबह शुरू हुई.
अन्य नगर समितियों के नतीजे भी आए सामने
धारूहेड़ा में बीजेपी उम्मीदवार सत्यनारायण उर्फ अजय जांगरा ने निर्दलीय उम्मीदवार बाबूलाल को 6,236 वोटों से हराया. सांपला में बीजेपी उम्मीदवार प्रवीण ने निर्दलीय अंकित को 687 वोटों से मात दी. वहीं उकलाना में बीजेपी उम्मीदवार निकिता गोयल को निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी से हार का सामना करना पड़ा.
सीएम नायब सैनी ने जताया आभार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चुनाव नतीजों पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास की राजनीति पर जनता के भरोसे का परिणाम है. उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता का धन्यवाद भी किया.
ये भी पढ़ें- सुवेंदु सरकार का बड़ा फैसला, इन लोगों की पेंशन राशि हुई दोगुनी; अवैध फैक्ट्रियों पर भी सख्त एक्शन