कौन हैं टेवोल्डे गेब्रेमारियम? जो बने Air India के नए CEO-MD, जानें उनके बारे में सब कुछ

एयर इंडिया ने अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए वैश्विक विमानन उद्योग के अनुभवी दिग्गज टेवोल्डे गेब्रेमारियम को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त करने का फैसला किया है.

who is Air India new CEO md Tewolde Gebremariam
Image Source: Social Media

एयर इंडिया ने अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए वैश्विक विमानन उद्योग के अनुभवी दिग्गज टेवोल्डे गेब्रेमारियम को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त करने का फैसला किया है. वह कैंपबेल विल्सन की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे. ऐसे समय में जब एयर इंडिया तेजी से विस्तार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की ओर बढ़ रही है, कंपनी ने ऐसे नेता पर भरोसा जताया है, जिन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में एक एयरलाइन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का रिकॉर्ड बनाया है.

इथियोपियन एयरलाइंस को दिलाई नई पहचान

टेवोल्डे गेब्रेमारियम को दुनिया के सबसे सफल एविएशन अधिकारियों में गिना जाता है. उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप का नेतृत्व किया और इस दौरान कंपनी को अफ्रीका के सबसे बड़े, सबसे लाभदायक और सबसे सम्मानित एयरलाइन समूहों में बदल दिया. उनके कार्यकाल में एयरलाइन का राजस्व चार गुना से अधिक बढ़ा, जबकि विमान बेड़े का आकार भी लगभग तीन गुना हो गया. रणनीतिक विस्तार, मजबूत प्रबंधन और लगातार बेहतर प्रदर्शन ने उन्हें वैश्विक विमानन जगत में अलग पहचान दिलाई.

एयर इंडिया के विस्तार और मुनाफे पर रहेगा फोकस

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया अब शुरुआती पुनर्गठन के चरण से आगे बढ़कर तेज विकास और लाभदायक संचालन की दिशा में कदम बढ़ा रही है. ऐसे में टेवोल्डे गेब्रेमारियम का अनुभव एयरलाइन के लिए अहम साबित हो सकता है. उनसे अंतरराष्ट्रीय लंबी दूरी के नेटवर्क को मजबूत करने, बड़े एविएशन हब विकसित करने, सुरक्षा मानकों को और बेहतर बनाने तथा परिचालन की विश्वसनीयता बढ़ाने की उम्मीद की जा रही है. चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों में भी लगातार बेहतर नतीजे देने का उनका रिकॉर्ड एयर इंडिया की भविष्य की रणनीति को नई दिशा दे सकता है.

टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा, 'बोर्ड की ओर से मैं टेवोल्डे का एयर इंडिया में स्वागत करते हुए बेहद खुश हूं. कैंपबेल विल्सन के नेतृत्व में स्थिरीकरण, एकीकरण और फ्लीट से जुड़े शुरुआती कार्य पूरे हो चुके हैं. अब एयर इंडिया विस्तार और बेहतर क्रियान्वयन के अहम दौर में प्रवेश कर रही है.'

नए CEO ने क्या कहा?

टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने कहा, 'एयर इंडिया के इतिहास के इतने महत्वपूर्ण दौर में इसका नेतृत्व करने का अवसर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है. एयर इंडिया की शानदार विरासत है और इसे भारत की आर्थिक ताकत को दर्शाने वाली ग्लोबल एयरलाइन बनाना बेहद रोमांचक अवसर है." उन्होंने कहा कि वे चेयरमैन, बोर्ड, कर्मचारियों और सभी साझेदारों के साथ मिलकर परिचालन विश्वसनीयता, भारतीय मेहमाननवाजी और दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करने पर काम करेंगे.

ये भी पढ़ें: मार्क जकरबर्ग ने मांगी माफी, CSAM और डीपफेक कंटेंट को लेकर मेटा चीफ ने मानी गलती