Article 370 Abrogation: आर्टिकल 370 और 35(A) हटाए जाने के सात साल पूरे हो गए हैं. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 का फैसला जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए एक नए दौर की शुरुआत था. उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद दोनों क्षेत्रों में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार, 5 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सात साल पहले इसी दिन आर्टिकल 370 और 35(A) को हटाया गया था. उनके अनुसार, इस फैसले ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की विकास यात्रा को नई दिशा दी.
कई क्षेत्रों में बढ़े मौके
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले सात वर्षों में दोनों क्षेत्रों में सड़कों, पुलों और दूसरे बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है. इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कारोबार और खेल जैसे क्षेत्रों में लोगों के लिए नए अवसर भी बढ़े हैं.
Seven years ago, on this day, Articles 370 and 35(A) became history, marking a decisive new chapter in the journey of Jammu and Kashmir as well as Ladakh.
— Narendra Modi (@narendramodi) August 5, 2026
Since then, the lives of the people of J&K and Ladakh have witnessed wide-ranging transformation. Infrastructure has…
महिलाओं और कमजोर वर्गों को मिला फायदा
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस फैसले के बाद महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों को संविधान के सभी अधिकार पूरी तरह मिलने लगे हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पहले कई अधिकार नहीं मिल पाते थे, अब वे भी उनका लाभ उठा रहे हैं.
इस बार 5 अगस्त का महत्व और बढ़ा
पीएम मोदी ने कहा कि इस साल 5 अगस्त का महत्व इसलिए भी खास है क्योंकि देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है. उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने हमेशा राष्ट्रीय एकता की बात की और उनका सपना 5 अगस्त 2019 को पूरा हुआ.
विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उनका कहना है कि सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को आगे बढ़ने, अपने सपने पूरे करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का पूरा मौका मिले.
ये भी पढ़ें- तमिलनाडु में महिलाओं को मिलेगा 8 ग्राम सोने का सिक्का, हज सब्सिडी भी बढ़ी, विजय सरकार का बड़ा ऐलान