सुवेंदु सरकार का बड़ा फैसला, इन लोगों की पेंशन राशि हुई दोगुनी; अवैध फैक्ट्रियों पर भी सख्त एक्शन

Suvendu Adhikari Decisions: पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी लगातार बड़े फैसले लेते नजर आ रहे हैं. सरकार बनने के तुरंत बाद उन्होंने प्रशासन और जनहित से जुड़े कई अहम कदम उठाए हैं.

decision Suvendu government pension amount of these people doubled Strict action illegal factories
Image Source: ANI

Suvendu Adhikari Decisions: पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी लगातार बड़े फैसले लेते नजर आ रहे हैं. सरकार बनने के तुरंत बाद उन्होंने प्रशासन और जनहित से जुड़े कई अहम कदम उठाए हैं. अवैध फैक्ट्रियों पर कार्रवाई से लेकर लोगों को मिलने वाले भत्तों में बढ़ोतरी तक, सरकार तेजी से फैसले ले रही है.

अवैध फैक्ट्रियों पर सरकार की सख्ती

हाल ही में तपसिया इलाके में एक बहुमंजिला फैक्ट्री में आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें दो लोगों की जान चली गई. इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तिलजला, टॉपसिया और आसपास के इलाकों में चल रही अवैध फैक्ट्रियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.

सरकार ने कहा है कि जिन फैक्ट्रियों के पास जरूरी अनुमति, बिल्डिंग प्लान या फायर एनओसी नहीं है, उनके बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. इस मामले में फैक्ट्री मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है.

चार विभागों की बनाई गई कमेटी

घटना के बाद सरकार ने जांच और निगरानी के लिए चार विभागों की एक संयुक्त कमेटी बनाई है. शुरुआती जांच में कई बड़ी गड़बड़ियां सामने आई हैं. बिजली विभाग को निर्देश दिया गया है कि अवैध निर्माण वाले भवनों का ऑडिट किया जाए. सरकार पहले ऐसे भवन मालिकों को नोटिस देकर सुधार का मौका देगी. इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

विधवा और वृद्धावस्था पेंशन में बड़ी बढ़ोतरी

नई सरकार ने आम लोगों को राहत देते हुए कई सामाजिक योजनाओं में मिलने वाली राशि बढ़ाने का फैसला किया है. अब विधवा भत्ता, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग भत्ता 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है. सरकार के इस फैसले से लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा. माना जा रहा है कि आने वाले समय में सरकार और भी कई जनहित से जुड़े फैसले ले सकती है.

विधानसभा के मेन्यू की भी हुई चर्चा

नई विधानसभा सत्र के पहले दिन विधायकों के लिए खास बंगाली भोजन परोसा गया. खाने में चावल, मछली, दाल, आलू भुजिया और सब्जियां शामिल थीं. इस मेन्यू को लेकर भी काफी चर्चा हुई. माना जा रहा है कि सरकार ने इसके जरिए बंगाल की संस्कृति और खानपान परंपरा को सम्मान देने का संदेश दिया है.

दरअसल चुनाव के दौरान विपक्ष ने आरोप लगाया था कि भाजपा की सरकार आने पर मछली और मांस खाने पर रोक लग सकती है. लेकिन विधानसभा के मेन्यू ने उन सभी दावों को गलत साबित करने की कोशिश की.

सरकार दे रही सख्त और साफ संदेश

शुभेंदु अधिकारी सरकार के शुरुआती फैसलों से यह साफ दिखाई दे रहा है कि सरकार कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाना चाहती है. साथ ही गरीबों को राहत देने और बंगाल की संस्कृति को महत्व देने पर भी जोर दिया जा रहा है. अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई, भत्तों में बढ़ोतरी और सांस्कृतिक संदेशों के जरिए नई सरकार लगातार जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही है.

ये भी पढ़ें- Public Wi-Fi इस्तेमाल करने वाले सावधान! भूलकर भी न करें ये काम, वरना हो जाएंगे कंगाल