Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास हुए भयानक विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. हादसे के कुछ ही देर बाद इसका एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें प्लेन के गिरने और आग का भयानक मंजर साफ नजर आ रहा था. इस वीडियो को लेकर लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि आखिर इतनी तेजी से घटी इस घटना का वीडियो किसी के मोबाइल में कैसे रिकॉर्ड हो गया?
वीडियो रिकॉर्ड करने वाले आर्यन ने बताई सच्चाई
इस सवाल का जवाब खुद वीडियो बनाने वाले आर्यन ने एक बातचीत में दिया. अहमदाबाद प्लेन हादसे का वीडियो रिकॉर्ड करने वाला आर्यन इस घटना के बाद काफी डरा हुआ है. उसने बताया कि गुरुवार को ही वह अपने गांव से अहमदाबाद आया था और जब एयरपोर्ट के पास पहुंचा तो लगातार उड़ते हवाई जहाजों को देखकर काफी उत्साहित हो गया. आर्यन ने सोचा कि अपने दोस्तों को दिखाने के लिए वह प्लेन का वीडियो रिकॉर्ड करेगा.
अचानक बदल गया सब कुछ
आर्यन ने बताया कि जब एयर इंडिया का बोइंग-787 विमान टेकऑफ कर रहा था, वह तभी से वीडियो रिकॉर्ड करने लगा. आर्यन के अनुसार, इससे पहले जो हवाई जहाज उड़ान भर रहे थे, वे काफी ऊंचाई से जा रहे थे, लेकिन यह विमान काफी नीचे से उड़ रहा था, जिसे देखकर वह थोड़ा हैरान भी हुआ. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, प्लेन अचानक नीचे आ गया और एक बिल्डिंग से टकराकर आग का गोला बन गया.
आर्यन ने कहा, "मैंने ये वीडियो सिर्फ अपने गांव के दोस्तों को दिखाने के लिए बनाया था. मुझे क्या पता था कि जो मैं रिकॉर्ड कर रहा हूं, वो इतने बड़े हादसे में बदल जाएगा." हादसे के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे लाखों लोग देख चुके हैं.
चश्मदीद ने बताया, प्लेन पहले से ही असंतुलित था
हादसे की प्रत्यक्षदर्शी मेघाणीनगर की एक महिला ने भी इस घटना को लेकर अपनी बात साझा की. उन्होंने बताया कि जब प्लेन ने एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, तभी से उसमें असंतुलन दिखाई दे रहा था. महिला के अनुसार, विमान थोड़ी ही दूरी तय कर पाया और फिर वह हादसे का शिकार हो गया. इस भीषण विमान दुर्घटना में 274 लोगों की जान चली गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चारों तरफ आग और धुएं का भयानक दृश्य था. राहत और बचाव कार्य में कई घंटों का समय लगा.
यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष के लिए कब रवाना होंगे शुभांशु शुक्ला? अब इस तारीख को लॉन्च होगा Axiom-4 मिशन