बंगला, फार्महाउस और करोड़ों की जमीन... कौन है नाशिक का ज्योतिषी अशोक खरात और कैसे बना 'धनकुबेर'?

महाराष्ट्र के नाशिक में खुद को ज्योतिषी और भविष्यवक्ता बताने वाले अशोक खरात इन दिनों गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में हैं.

Who is Nashiks astrologer Ashok Kharat and how become Rich
Image Source: Social Media

नाशिक: महाराष्ट्र के नाशिक में खुद को ज्योतिषी और भविष्यवक्ता बताने वाले अशोक खरात इन दिनों गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में हैं. उनके खिलाफ रेप का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की जांच तेज हो गई है. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे उनकी संपत्ति और नेटवर्क को लेकर चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं.

जांच में सामने आया है कि अशोक खरात ने पिछले करीब 15 वर्षों में भारी संपत्ति इकट्ठा की है. अनुमान के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 200 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संपत्ति आखिर किन स्रोतों से बनाई गई.

जमीन, बंगले और फार्महाउस का जाल

पुलिस के अनुसार, पाथर्डी इलाके में अशोक खरात के पास करीब 30 एकड़ जमीन है, जिसकी कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. इसके अलावा कहांडलवाडी और मिरगांव में भी करीब 45 एकड़ जमीन उनके नाम या परिवार के सदस्यों के नाम पर बताई जा रही है.

कर्मवीर नगर में उनका एक आलीशान बंगला भी है, जबकि पाथर्डी और गौलाणे शिवार में भी जमीन खरीदी गई है. मिरगांव में मंदिर के पीछे स्थित उनका भव्य फार्महाउस भी चर्चा में है, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.

इसके अलावा नाशिक के कनाडा कॉर्नर इलाके में उनका एक ऑफिस भी मौजूद है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है. ओझर एयरपोर्ट के आसपास भी उनकी जमीन होने की जानकारी सामने आई है.

मंदिर ट्रस्ट से जुड़ा नेटवर्क

जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक खरात ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट से जुड़े हुए थे. इस ट्रस्ट की सालाना आय करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है. आरोप है कि इसी ट्रस्ट और उससे जुड़े नेटवर्क के जरिए उन्होंने अपना प्रभाव बढ़ाया.

बताया जा रहा है कि शिवनिका ट्रस्ट के माध्यम से उन्होंने मिरगांव स्थित मंदिर की जिम्मेदारी संभाली और धीरे-धीरे खुद को एक प्रभावशाली धार्मिक व्यक्ति के रूप में स्थापित किया. इसी प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्होंने सामाजिक और आर्थिक नेटवर्क तैयार किया.

मर्चेंट नेवी का दावा और नई पहचान

अशोक खरात का दावा है कि उन्होंने मर्चेंट नेवी में करीब 22 साल तक काम किया और इस दौरान 150 से ज्यादा देशों की यात्रा की. वह खुद को मर्चेंट नेवी का कैप्टन बताते थे.

उनका कहना था कि अलग-अलग देशों की यात्रा और संस्कृतियों को समझने के बाद उन्होंने कॉस्मोलॉजी और अंकशास्त्र की ओर रुख किया. इसके बाद उन्होंने खुद को एक प्रसिद्ध अंकशास्त्री के रूप में पेश किया और धीरे-धीरे कई बड़े लोगों तक अपनी पहुंच बना ली.

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सबूत भी मिले हैं. इनमें 58 अश्लील वीडियो भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिन्हें लेकर पुलिस अलग से जांच कर रही है. इन सबूतों के आधार पर मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.

ये भी पढ़ें- आर्मी, नेवी, एयरफोर्स... तीनों सेनाओं को मिलाकर बनेगा 'थिएटर कमांड', रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?