कौन हैं हार्दिक सिंह? जिन्हें मिलेगा मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड, पढ़िए हॉकी के योद्धा का करियर

भारतीय हॉकी के मिडफील्ड में अहम भूमिका निभाने वाले हार्दिक सिंह का नाम मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए नॉमिनेट हुआ है. 27 साल के हार्दिक ने टोक्यो ओलंपिक 2021 और पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने वाली टीम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.

Who is Hardik Singh who will receive the Major Dhyan Chand Khel Ratna Award
Image Source: Social Media

भारतीय हॉकी के मिडफील्ड में अहम भूमिका निभाने वाले हार्दिक सिंह का नाम मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए नॉमिनेट हुआ है. 27 साल के हार्दिक ने टोक्यो ओलंपिक 2021 और पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने वाली टीम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उनके लगातार शानदार प्रदर्शन को देखते हुए चयन समिति ने उनके नाम की सिफारिश की है.

पंजाब से निकला हॉकी का योद्धा

हार्दिक सिंह का जन्म पंजाब के खुसरोपुर गांव में हुआ था, और हॉकी उनके लिए कोई साधारण खेल नहीं, बल्कि एक विरासत बन चुकी है. उनके पिता, वरिंदरप्रीत सिंह राय, खुद एक हॉकी खिलाड़ी थे, और उनके दादा, प्रीतम सिंह राय, एक मशहूर हॉकी कोच थे. हार्दिक ने अपनी हॉकी की बुनियाद दादा की कोचिंग में ही सीखी. इसके अलावा, उनके चाचा, गुरमैल सिंह और जुगराज सिंह, भी अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रहे हैं. खास बात यह है कि गुरमैल सिंह 1980 के मॉस्को ओलंपिक में गोल्ड जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे.

मिडफील्ड में हार्दिक की भूमिका

2018 से भारतीय सीनियर हॉकी टीम में खेल रहे हार्दिक सिंह मिडफील्डर के तौर पर टीम के खेल को नियंत्रित करते हैं. वह डिफेंस और अटैक के बीच संतुलन बनाए रखते हैं, जिससे टीम का खेल मजबूत और प्रभावशाली होता है. अब तक हार्दिक ने भारत के लिए 166 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. उनकी परिपक्वता और खेल की समझ उन्हें टीम का अहम सदस्य बनाती है.

ओलंपिक से एशियाई खेलों तक

हार्दिक सिंह ने अपनी खेल यात्रा में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं. टोक्यो ओलंपिक में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण था. इसके बाद, उन्होंने 2023 एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बने. इसके साथ ही वह 2025 में राजगीर में आयोजित एशिया कप में भी गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे. बड़े टूर्नामेंटों में उनके लगातार शानदार प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय हॉकी का भरोसेमंद खिलाड़ी बना दिया है.

खेल रत्न की दौड़ में शामिल होने वाले चुनिंदा हॉकी खिलाड़ी

अगर हार्दिक सिंह को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है, तो वह इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को पाने वाले सातवें हॉकी खिलाड़ी बन जाएंगे. इससे पहले धनराज पिल्लै, सरदार सिंह, रानी रामपाल, पीआर श्रीजेश, मनप्रीत सिंह और हरमनप्रीत सिंह को यह सम्मान मिल चुका है. हार्दिक सिंह का नाम इस सम्मान की सूची में शामिल होना भारतीय हॉकी के लिए एक और बड़ी उपलब्धि होगी.

अर्जुन अवॉर्ड की भी हुई सिफारिश

खेल मंत्रालय की समिति ने इस साल अर्जुन अवॉर्ड के लिए 24 खिलाड़ियों के नाम भी सुझाए हैं. इसमें तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका (एथलेटिक्स), नरेंद्र (बॉक्सिंग), विदित गुजराती (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (डेफ शूटिंग), प्रणति नायक (जिमनास्टिक्स), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), निर्मला भाटी (खो-खो), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा-शूटिंग), एकता भयान (पैरा-एथलेटिक्स), पद्मनाभ सिंह (पोलो), अरविंद सिंह (रोइंग), अखिल श्योराण (शूटिंग), मेहुली घोष (शूटिंग), सुतीर्था मुखर्जी (टेबल टेनिस), सोनम मलिक (कुश्ती), आरती पाल (योगासन), त्रिशा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेमसियामी (हॉकी), मोहम्मद अफसल (एथलेटिक्स), पूजा (कबड्डी) जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं. 

ये भी पढ़ें: जब ग्राउंड पर विराट कोहली के क्यूट फैन से मिले रोहित शर्मा, VIDEO होने लगा जमकर वायरल