जब ग्राउंड पर विराट कोहली के क्यूट फैन से मिले रोहित शर्मा, VIDEO होने लगा जमकर वायरल

Rohit Sharma Hugs Young Fan: भारतीय घरेलू क्रिकेट को अक्सर युवा खिलाड़ियों का मंच माना जाता है, लेकिन जब मैदान पर रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज उतरते हैं, तो वही मुकाबले किसी अंतरराष्ट्रीय मैच जैसा माहौल बना देते हैं.

Cricket Vijay Hazare Trophy 2025 Mumbai and Sikkim Rohit Sharma met a cute fan VIDEO viral
Image Source: Social Media

Rohit Sharma Hugs Young Fan: भारतीय घरेलू क्रिकेट को अक्सर युवा खिलाड़ियों का मंच माना जाता है, लेकिन जब मैदान पर रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज उतरते हैं, तो वही मुकाबले किसी अंतरराष्ट्रीय मैच जैसा माहौल बना देते हैं. 24 दिसंबर को विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला, जहां रोहित और विराट दोनों ने अपने-अपने मैच में यादगार प्रदर्शन किया.

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुंबई और सिक्किम के बीच खेले गए मुकाबले में रोहित शर्मा पूरी लय में नजर आए. उन्होंने 94 गेंदों पर 155 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को आसान जीत दिलाई. इस पारी में रोहित ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18 चौके और 9 छक्के जड़े. स्टेडियम में मौजूद करीब 10 हजार दर्शक हर शॉट पर तालियों से उनका हौसला बढ़ाते दिखे.

सिक्किम की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 236 रन बनाए थे. दर्शकों की ख्वाहिश थी कि मुकाबला थोड़ा लंबा चले, ताकि रोहित को ज्यादा देर तक बल्लेबाजी करते देखा जा सके. मुंबई ने हालांकि 237 रनों का लक्ष्य सिर्फ 30.3 ओवरों में ही हासिल कर लिया.

मैच के बाद दिखा दिल छू लेने वाला पल

मैच खत्म होते ही मैदान पर एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला. एक नन्हा फैन, जिसने विराट कोहली की नंबर-18 टेस्ट जर्सी पहन रखी थी, रोहित शर्मा के पैर छूने के लिए मैदान में दौड़ता हुआ आया. रोहित ने उसे बीच में ही रोक लिया और प्यार से गले लगा लिया. यह पल दर्शकों के लिए मैच से भी ज्यादा खास बन गया.

विराट कोहली ने खाली स्टेडियम में दिखाई क्लास

वहीं दूसरी ओर, विराट कोहली ने दिल्ली की ओर से आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए 101 गेंदों में 131 रनों की दमदार पारी खेली. यह मुकाबला बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बिना दर्शकों के खेला गया. आमतौर पर दर्शकों की ऊर्जा से प्रेरित रहने वाले कोहली ने खाली स्टेडियम में भी पूरी एकाग्रता और संयम के साथ शानदार बल्लेबाजी की.

घरेलू क्रिकेट को मिला नया रंग

रोहित शर्मा और विराट कोहली के इन प्रदर्शनों ने यह साफ कर दिया कि जब बड़े सितारे घरेलू क्रिकेट में उतरते हैं, तो न सिर्फ मैच का स्तर बढ़ता है, बल्कि दर्शकों का जुड़ाव भी गहरा हो जाता है. इन पारियों ने घरेलू टूर्नामेंट को खास बना दिया और क्रिकेट प्रेमियों को यादगार लम्हे दे दिए.

यह भी पढ़ें- 'हमारी सरकार को धार 370 की दीवार गिराने...', राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन के मौके पर बोले पीएम मोदी