ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने शनिवार को अपनी पार्टनर जोडी हेडन से विवाह कर लिया. यह शादी ऑस्ट्रेलिया के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ है, क्योंकि एंथनी अल्बनीज अपने पद पर रहते हुए विवाह करने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं. यह समारोह प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास, द लॉज में हुआ और इसमें केवल परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी थी. शादी के बाद, दोनों ने एक संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने अपने प्यार और एक साथ भविष्य बिताने की प्रतिबद्धता को साझा किया.
एक बेहद निजी समारोह
शादी के इस आयोजन को लेकर बहुत अधिक गोपनीयता रखी गई. इसमें केवल कुछ करीबी परिजनों और दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया था. प्रधानमंत्री के बेटे नैथन और जोडी हेडन के माता-पिता, बिल और पौलीन भी इस समारोह का हिस्सा बने. इस इंटीमेट समारोह के बाद द लॉज में एक रिसेप्शन भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित सभी मेहमानों ने जोड़ी को शुभकामनाएं दीं.
एंथनी और जोडी की प्रेम कहानी
एंथनी अल्बनीज और जोडी हेडन की मुलाकात पांच साल पहले एक रग्बी लीग मैच के दौरान हुई थी. दोनों का साझा रग्बी लीग के प्रति प्रेम ही उनके रिश्ते की शुरुआत बना. 2019 में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात हुई, जब अल्बनीज ने दक्षिण सिडनी रैबिटोह्स के समर्थन में पूछा था. जोडी ने उत्साह से इसका जवाब दिया, और फिर सोशल मीडिया पर उनसे संपर्क किया, जिससे दोनों की बातचीत शुरू हुई. धीरे-धीरे यह दोस्ती रिश्ते में बदल गई.
सीएम अल्बनीज ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने जोडी को एक ड्रिंक के लिए सिडनी के यंग हेनरीज़ में आमंत्रित किया, और तभी से उनका रिश्ता गहरा होने लगा. जोडी ने भी कहा था कि उस वक्त वह किसी रिश्ते की तलाश में नहीं थीं, लेकिन उनकी मुलाकात ने उन्हें अपना नजरिया बदलने पर मजबूर कर दिया.
यह अल्बनीज का दूसरा विवाह
यह अल्बनीज का दूसरा विवाह है. उनका पहला विवाह न्यू साउथ वेल्स की पूर्व डिप्टी प्रीमियर कारमेल टेब्बट से हुआ था, जो 19 वर्षों तक चला था. हालांकि, 2019 में उनका तलाक हो गया. इस विवाह से उनका एक बेटा, नैथन है. वहीं जोडी हेडन के लिए यह पहला विवाह है और वह अल्बनीज से 16 साल छोटी हैं.
जोडी हेडन कौन हैं?
जोडी हेडन का जन्म 1979 में बैंकस्टाउन में हुआ था और उनका पालन-पोषण न्यू साउथ वेल्स के सेंट्रल कोस्ट में हुआ. उन्होंने सुपरऐन्यूएशन उद्योग में दो दशक तक काम किया और रणनीतिक नेतृत्व वाली भूमिकाओं में अपनी पहचान बनाई. वे फिलहाल NSW पब्लिक सर्विस एसोसिएशन में कार्यरत हैं और प्रधानमंत्री के जीवनसाथी की पारंपरिक भूमिकाओं को निभा रही हैं, जिसमें नेशनल पोर्ट्रेट गैलरी की मुख्य संरक्षक के रूप में भी उनका योगदान है.
विवाह में परिवार और मेहमान
इस शादी में हेडन की पाँच वर्षीय भतीजी एला को फ्लावर गर्ल और अल्बनीज के कुत्ते टोतो को रिंग बेयरर बनाया गया. यह शादी काफी निजी थी और इसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी मित्र ही शामिल थे. जोडी हेडन ने सिडनी के डिजाइनर Romance Was Born का बनाया हुआ गाउन पहना, जबकि प्रधानमंत्री ने MJ Bale से सूट पहना.
कड़ी सुरक्षा में हुआ विवाह
द लॉज में हुआ यह विवाह काफी गोपनीय था और इसमें सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी थी. प्रधानमंत्री को हाल ही में मिली धमकियों के कारण सुरक्षा का स्तर और भी बढ़ा दिया गया था. इस समारोह में वित्त मंत्री जिम चाल्मर्स, विदेश मंत्री पेनी वोंग, वित्त मंत्री कैटी गैलेघर, उप-प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स और अभिनेता रीस मुलडून सहित कुछ प्रमुख मेहमान शामिल हुए थे.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में अभी भी दिख रहा ऑपरेशन सिंदूर का खौफ, 72 आतंकी लॉन्चपैड्स को किया यहां से शिफ्ट