झुलसाती गर्मी से मिलने वाली है राहत, दिल्ली-UP में बदलेगा मौसम का मिजाज, 30 मई तक तेज बारिश का अलर्ट

IMD Rain Alert: उत्तर प्रदेश इस समय मौसम की दोहरी मार झेल रहा है. एक तरफ भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, तो दूसरी तरफ अचानक आए आंधी-तूफान और बारिश ने कई जिलों में तबाही मचा दी है.

When will it rain in North India IMD Rain Warning in UP delhi
Image Source: ANI

IMD Rain Alert: उत्तर प्रदेश इस समय मौसम की दोहरी मार झेल रहा है. एक तरफ भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, तो दूसरी तरफ अचानक आए आंधी-तूफान और बारिश ने कई जिलों में तबाही मचा दी है. बांदा में गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया, वहीं लखीमपुर, गोंडा और सीतापुर में तेज तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. मौसम के इस बदले रूप ने लोगों को डर और परेशानी दोनों का सामना करने पर मजबूर कर दिया है.

आंधी-तूफान ने मचाई तबाही

बीते दो दिनों में आए तेज तूफान और बारिश ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है. कई जगह मकानों की दीवारें गिर गईं और टीन-शेड हवा में उड़ गए. लखीमपुर के कारीबडेरी गांव में आग लगने से करीब 40 घर जलकर राख हो गए, जिससे ग्रामीणों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया. हादसों में आठ लोगों की मौत की खबर ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है. तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे टूटने से कई गांवों की बिजली भी ठप हो गई.

रेल सेवा और खेती पर पड़ा असर

गोंडा में मनकापुर-अयोध्या रेल मार्ग पर पेड़ गिरने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ. कई ट्रेनों के रूट बदलने पड़े, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार और परेशानी झेलनी पड़ी. मौसम शांत होने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक साफ कर यातायात बहाल किया. वहीं तेज बारिश और तूफान ने किसानों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं. खेतों में खड़ी फसलें खराब होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.

सरकार अलर्ट, राहत कार्य तेज

प्रदेश में हुए नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने दुख जताया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. सरकार ने प्रभावित परिवारों और किसानों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है. प्रशासनिक टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि लोगों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जा सके.

बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत

मौसम विभाग के अनुसार 28 से 30 मई के बीच उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी मौसम बदलने की संभावना जताई गई है. बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हो रहा वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसके असर से तेज बारिश, आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी देखने को मिल सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के बाद तापमान में बड़ी गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है.

ये भी पढ़ें: भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मिली हरी झंडी, इस रूट पर चलेगी पर्यावरण फ्रेंडली रेल