Whatsapp New Feature: WhatsApp एक बार फिर अपने प्लेटफॉर्म को ज्यादा सुरक्षित और यूज़र-फ्रेंडली बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. Meta के स्वामित्व वाली यह पॉपुलर मैसेजिंग ऐप अब ऐसे यूज़र्स पर लगाम कसने की तैयारी में है जो अनजान लोगों को बार-बार मैसेज भेजते हैं, खासकर जब सामने वाला कोई जवाब नहीं दे रहा होता.
नया 'मैसेज लिमिट' फीचर
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp एक नए ‘मैसेज लिमिट’ फीचर पर काम कर रहा है. इसका मकसद है चैटिंग अनुभव को अधिक संतुलित और असली (genuine) बनाना. यह फीचर जल्द ही आम यूज़र्स और बिजनेस अकाउंट्स दोनों पर लागू होगा. यदि कोई व्यक्ति लगातार ऐसे लोगों को मैसेज करता है जो रिप्लाई नहीं कर रहे, तो उसे एक सीमा (limit) का सामना करना पड़ सकता है.
मिलेगा नोटिफिकेशन अलर्ट
WhatsApp यूज़र्स को इस बारे में एक नोटिफिकेशन अलर्ट भी भेजेगा जिसमें बताया जाएगा कि वे अपनी मासिक मैसेज लिमिट के कितने करीब हैं या क्या उन्होंने इसे पार कर लिया है. इससे यूज़र्स अपने मैसेजिंग व्यवहार को ट्रैक कर पाएंगे और ज़रूरत के मुताबिक बदलाव कर सकेंगे.
नई सेटिंग्स से दिखेगा पूरा डाटा
इस फीचर के तहत WhatsApp सेटिंग्स में एक नया विकल्प जोड़ा जाएगा जहां यूज़र देख सकेंगे कि उन्होंने इस महीने कितनी नई चैट्स शुरू की हैं. खास बात ये है कि यह लिमिट सिर्फ नई और अनुत्तरित चैट्स पर लागू होगी. जिनसे पहले से बातचीत चल रही है, उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. वहीं, यदि कोई यूज़र तय सीमा पार करता है तो उसे अस्थायी रूप से अनजान यूज़र्स को मैसेज भेजने से ब्लॉक किया जा सकता है.
जवाब मिलने पर मैसेज लिमिट में नहीं गिने जाएंगे
अगर किसी मैसेज का जवाब मिल जाता है, तो वह उस लिमिट में शामिल नहीं होगा. यानी अगर बातचीत शुरू हो चुकी है, तो उसे जारी रखना पूरी तरह से संभव रहेगा. यह नियम सिर्फ उन कोशिशों को नियंत्रित करेगा जो बिना किसी प्रतिक्रिया के बार-बार की जा रही हैं.
पहले भी उठाए जा चुके हैं स्पैम कंट्रोल के कदम
WhatsApp पहले भी स्पैम और फेक मैसेज रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव कर चुका है. अब यूज़र्स के पास ब्लॉक, अनसब्सक्राइब, और ग्रुप्स छोड़ने जैसे आसान विकल्प मौजूद हैं. साथ ही, नए अकाउंट्स पर बुल्क मैसेज भेजने की लिमिट तय की जा चुकी है, जिससे प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें: Meta का बड़ा कदम! अब पेरेंट्स के हाथ में होगा बच्चों के सोशल मीडिया का कंट्रोल, जानें पूरी जानकारी