WhatsApp Update News: अगर आप भी WhatsApp पर रोजाना ढेरों मैसेज भेजते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. अब तक WhatsApp पर मैसेज भेजने की कोई सीमा नहीं थी, लेकिन जल्द ही ऐसा नहीं रहेगा. Meta (WhatsApp की पैरेंट कंपनी) अब एक नई मैसेज लिमिट पॉलिसी लाने की तैयारी कर रही है, जिसका मकसद है, स्पैम मैसेज पर लगाम लगाना.
ये बदलाव आम यूजर्स को सीधे तौर पर प्रभावित नहीं करेगा, लेकिन जो लोग बार-बार ऐसे कॉन्टैक्ट्स को मैसेज भेजते हैं जो जवाब नहीं देते, उन्हें अब संभलकर चलना होगा.
नया नियम क्या कहता है?
WhatsApp एक ऐसा सिस्टम लाने जा रहा है जिसमें उन यूजर्स को भेजे गए मैसेज गिने जाएंगे, जो जवाब नहीं देते. इन मैसेजेस को मंथली कोटा में जोड़ा जाएगा. जवाब देने वाले या नियमित बातचीत वाले कॉन्टैक्ट्स को भेजे गए मैसेज इस गिनती में शामिल नहीं होंगे. उदाहरण, अगर आपने किसी को 5 मैसेज भेजे और उसने कोई जवाब नहीं दिया, तो ये 5 मैसेज आपकी मंथली लिमिट में गिने जाएंगे.
फिलहाल ट्रायल फेज में है बदलाव
Meta ने जानकारी दी है कि यह नया सिस्टम कुछ हफ्तों में कई देशों में टेस्टिंग के लिए शुरू किया जाएगा. फिलहाल, कितने मैसेज की लिमिट होगी, इसकी सटीक जानकारी नहीं दी गई है. लेकिन ये साफ है कि कंपनी इसे जल्द लागू करने की तैयारी में है.
क्या आम यूजर्स को घबराने की जरूरत है?
नहीं, अगर आप WhatsApp का इस्तेमाल नॉर्मल चैटिंग के लिए करते हैं, तो आपको किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है. यह नियम उन लोगों या बिजनेस अकाउंट्स के लिए है जो बार-बार अनचाहे मैसेज (जैसे प्रमोशनल, मार्केटिंग या पॉलिटिकल मैसेज) भेजते रहते हैं. Meta का मानना है कि इससे प्लेटफॉर्म पर स्पैम मैसेज की संख्या घटेगी, जो अब भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है.
स्पैम रोकने की एक और कोशिश
WhatsApp पहले ही कई फीचर्स ला चुका है जैसे, फॉरवर्ड मैसेज की लिमिट, रिपोर्ट और ब्लॉक टूल्स और बिजनेस अकाउंट्स के लिए गाइडलाइंस बनाना. लेकिन इन उपायों से भी स्पैम मैसेज में खास कमी नहीं आई है. अब इस नए कदम के जरिए Meta कोशिश कर रही है कि स्पैम भेजने वाले यूजर्स को सीमित किया जाए.
यह भी पढ़ें- Instagram, Facebook या Youtube... किस प्लेटफॉर्म से होती है कंटेंट क्रिएटर्स को मोटी कमाई? जानें पूरी डिटेल