वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले का भारत पर क्या होगा असर, क्या देश में बढ़ने वाली है महंगाई? जानें सबकुछ

वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों और व्यापारिक संबंधों को लेकर गंभीर अस्थिरता पैदा हो गई है.

What will be the impact of American attack on Venezuela on India
Image Source: Social Media

वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों और व्यापारिक संबंधों को लेकर गंभीर अस्थिरता पैदा हो गई है. अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार करने और देश पर अस्थायी नियंत्रण रखने के कदम ने वैश्विक कच्चे तेल के बाजार में हलचल मचा दी है. इस कार्रवाई का असर न केवल अमेरिका और लैटिन अमेरिका तक सीमित है, बल्कि भारत जैसे तेल-आयातक देशों की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ सकता है.

वर्तमान में वेनेजुएला के राजनीतिक नेतृत्व को लेकर स्पष्टता नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने डेल्सी रोड्रिगेज को कार्यवाहक राष्ट्रपति घोषित किया है, जबकि वह रूस में मौजूद हैं. अमेरिकी नियंत्रण में मादुरो और उनकी पत्नी के होने से देश की प्रशासनिक निरंतरता पर अनिश्चितता बनी हुई है. इस तरह का राजनीतिक संकट अक्सर तेल और अन्य ऊर्जा संसाधनों की आपूर्ति में बाधा डालता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी आ सकती है.

भारत के लिए तेल आयात पर संभावित प्रभाव

वेनेजुएला दुनिया के प्रमुख कच्चे तेल उत्पादकों में शामिल है, और भारत भी वर्षों से वहां से तेल का आयात करता रहा है. आंकड़ों के अनुसार, साल 2013 में भारत के कुल तेल आयात में वेनेजुएला का हिस्सा लगभग 10% था. समय के साथ यह घटता गया और 2019 में 5.9% तथा 2020 में 3.6% तक सीमित हो गया. हालांकि 2024 में वेनेजुएला ने फिर भारतीय तेल बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाई और भारत ने लगभग 22 मिलियन बैरल कच्चा तेल वहां से खरीदा, जिससे यह भारत का दसवां सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता बन गया.

लेकिन अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ और हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद यह स्थिति बदल सकती है. यदि वेनेजुएला की तेल सप्लाई प्रभावित होती है, तो भारतीय आयातकों को दूसरे स्रोतों से तेल खरीदने के लिए अधिक भुगतान करना पड़ सकता है.

महंगाई पर क्या होगा असर?

वेनेजुएला साल 2025 में दुनिया की कुल तेल सप्लाई का लगभग 1% हिस्सा, यानी 9 लाख बैरल तेल प्रतिदिन उत्पादन करता था. इस सप्लाई में किसी भी तरह की व्यवधान आने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होना तय है. भारत जैसे देश, जो अपनी खपत का अधिकांश हिस्सा विदेश से तेल आयात करते हैं, ऐसे संकट से सीधे प्रभावित होंगे.

तेल की कीमत बढ़ने का असर घरेलू स्तर पर भी महंगाई के रूप में दिखाई देगा. पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें न केवल ट्रांसपोर्टेशन और ईंधन लागत को प्रभावित करेंगी, बल्कि खाद्य, निर्माण और उद्योग के उत्पादों की कीमतों पर भी दबाव डालेंगी. ऐसे में उपभोक्ताओं को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अधिक खर्च करना पड़ सकता है.

भारत-वेनेजुएला व्यापारिक रिश्तों पर प्रभाव

तेल के अलावा भारत और वेनेजुएला के बीच अन्य व्यापारिक संबंध भी मजबूत हैं. भारत ने हाल ही में वेनेजुएला में 2.7 टन जीवन रक्षक वैक्सीन भेजी हैं. इसके अलावा फर्मास्यूटिकल्स उत्पाद, मशीनरी और वस्त्र भी भारत से वेनेजुएला निर्यात होते रहे हैं.

हाल ही में दोनों देशों ने डिजिटल सहयोग के लिए एमओयू भी साइन किया है. लेकिन अगर अमेरिकी नियंत्रण लंबे समय तक बना रहता है, तो व्यापारिक प्रक्रियाओं और निवेश के लिए नई चुनौतियां सामने आ सकती हैं. विशेष रूप से भारतीय कंपनियों के लिए नीतिगत बदलाव और व्यापारिक अनुमतियों में देरी जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं.

ये भी पढ़ें- ट्रंप ने मादुरो को पकड़ा तो पुतिन के पास गईं वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति, फिर आमने-सामने रूस-अमेरिका