Akshay Kumar On Cyber Crime: मुंबई में शुक्रवार को एक इवेंट के दौरान अभिनेता अक्षय कुमार ने कुछ ऐसा साझा किया, जिसने हर माता-पिता को सोचने पर मजबूर कर दिया. मौका था महाराष्ट्र साइबर जागरूकता माह 2025 के उद्घाटन समारोह का, लेकिन मंच पर जो बातें हुईं, वो सिर्फ एक औपचारिक भाषण नहीं था, वह एक पिता की चिंता थी, जो हर परिवार में गूंज रही है.
अक्षय ने बताया कि कैसे उनकी बेटी एक ऑनलाइन गेम खेलते समय साइबर शोषण का शिकार होते-होते बची. उन्होंने कहा, “एक दिन मेरी बेटी गेम खेल रही थी. गेम के दौरान उसे एक मैसेज आया, Are you male or female? उसने जवाब दिया female, तो अगले ही मैसेज में पूछा गया, Can you send me your nude photos?”
ये सुनते ही वहां मौजूद हर शख्स सन्न रह गया. अक्षय ने कहा कि उनकी बेटी ने तुरंत गेम बंद किया और जाकर अपनी मां को बताया. यही वह पल था जब अक्षय को एहसास हुआ कि साइबर क्राइम घर के भीतर तक घुस चुका है, और अब वक्त आ गया है कि बच्चों को इससे लड़ने के लिए तैयार किया जाए.
मुख्यमंत्री से सीधी अपील, स्कूलों में हो 'साइबर पीरियड'
अक्षय कुमार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से गुज़ारिश करते हुए कहा कि कक्षा 7वीं से 10वीं तक के बच्चों के लिए हर हफ्ते एक साइबर सुरक्षा पीरियड अनिवार्य किया जाना चाहिए. उनका कहना है कि जैसे हम बच्चों को मैथ्स, साइंस और इंग्लिश पढ़ाते हैं, वैसे ही उन्हें डिजिटल दुनिया के खतरे और उनसे निपटने के तरीके भी सिखाने चाहिए.
उन्होंने आगे कहा, “बच्चों को यह सिखाना ज़रूरी है कि इंटरनेट पर क्या सुरक्षित है और क्या नहीं. वरना बहुत देर हो जाएगी.”
केवल फिल्मी स्टार नहीं, ज़िम्मेदार नागरिक भी
अक्षय कुमार, जिन्हें एक्शन फिल्मों में वीरता के लिए जाना जाता है, इस बार रियल लाइफ में 'साइबर हीरो' के रूप में सामने आए हैं. उनका यह कदम ना केवल सराहनीय है बल्कि समय की सच्ची ज़रूरत भी है. वे इस समय ‘जॉली एलएलबी 3’ और प्रियदर्शन की एक्शन-थ्रिलर ‘हैवान’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन उन्होंने साबित किया कि समाज के प्रति उनकी ज़िम्मेदारी किसी रोल से कम नहीं.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में अब दिन रात खुलेंगी दुकानें, लेकिन सिर्फ इन्हें नहीं मिलेगी छूठ