Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. शनिवार, 25 बैशाख और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती के अवसर पर बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं. सुबह 11 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. यह पहला मौका होगा जब पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और पहली बार ब्रिगेड परेड ग्राउंड को किसी शपथ ग्रहण समारोह के लिए चुना गया है.
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को खास बनाने के लिए बंगाली संस्कृति और परंपरा की झलक भी समारोह में देखने को मिलेगी. मंच की सजावट से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक, हर चीज में बंगाल की पहचान को प्रमुखता दी गई है. बीजेपी इसे सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि बंगाल की राजनीतिक दिशा बदलने वाला बड़ा क्षण मान रही है.
PM मोदी और अमित शाह रहेंगे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से शामिल होंगे. इसके अलावा बीजेपी और एनडीए शासित करीब 21 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है. पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी कोलकाता पहुंच रहे हैं.
बीजेपी समर्थकों में इस कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है. पार्टी सूत्रों का मानना है कि लाखों की संख्या में समर्थक ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंच सकते हैं. ऐसे में प्रशासन और पुलिस के सामने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को संभालना बड़ी चुनौती बन गया है.
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहली बार शपथ समारोह
कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड लंबे समय से राजनीतिक रैलियों और बड़े आयोजनों का केंद्र रहा है, लेकिन पहली बार यहां किसी मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है. बीजेपी इसे ऐतिहासिक और प्रतीकात्मक दोनों रूपों में देख रही है. पार्टी नेताओं का कहना है कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन का संदेश देने के लिए इस जगह का चयन किया गया है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए हैं. पूरे ब्रिगेड परेड ग्राउंड को करीब 35 सेक्टरों में बांटा गया है. कई सेक्टरों को मिलाकर अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है.
कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंदा खुद पूरे सुरक्षा इंतजाम की निगरानी करेंगे. वीवीआईपी मेहमानों के लिए अलग सुरक्षा व्यवस्था की गई है. शुरुआती ब्लॉकों में प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य खास मेहमान मौजूद रहेंगे. बताया जा रहा है कि करीब 40 वीवीआईपी मेहमान समारोह में शामिल हो सकते हैं, इसलिए इन इलाकों में सुरक्षा का सबसे कड़ा घेरा रहेगा.
ड्रोन और हाईराइज बिल्डिंग से होगी निगरानी
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए हाईटेक तकनीक का इस्तेमाल करने का फैसला लिया है. ब्रिगेड परेड ग्राउंड के आसपास मौजूद ऊंची इमारतों से पूरे इलाके पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा शहर में वीवीआईपी मूवमेंट और भीड़ की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के लिए विशेष टीमें तैनात रहेंगी. कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी संख्या में पुलिसकर्मी, RAF और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.
कोलकाता में ट्रैफिक पर रहेगा असर
शपथ ग्रहण समारोह के कारण शनिवार को कोलकाता के कई हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रह सकती है. प्रशासन ने सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का फैसला किया है. हालांकि जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है.
LPG सिलेंडर, CNG, पेट्रोलियम उत्पाद, ऑक्सीजन, दवाइयां, दूध, फल, सब्जियां और मछली ले जाने वाले वाहनों को आने-जाने की अनुमति रहेगी. इसके अलावा विक्टोरिया मेमोरियल हॉल के आसपास की सड़कों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिनभर कई मार्गों पर अतिरिक्त पाबंदियां भी लगाई जा सकती हैं.
ये भी पढ़ें- Weather Today: अगले 8 घंटे में 13 राज्यों में आंधी-बारिश, देशभर में बदलेगा मौसम, IMD का अलर्ट जारी