Weather Today: देशभर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के अनुसार आज यानी 9 मई को उत्तर भारत, पूर्वी भारत, मध्य भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश समेत करीब 13 राज्यों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत के राज्यों में मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है. यहां कई जगहों पर तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है. वहीं पहाड़ी राज्यों में भी आने वाले दिनों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है, जिससे यात्रा करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. किसानों को भी खेतों और खुले इलाकों में काम करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तराखंड के ऊपर सक्रिय बना हुआ है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बनने से वातावरण में नमी बढ़ गई है. यही वजह है कि कई हिस्सों में अचानक मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. आइए जानते हैं देश के अलग-अलग हिस्सों में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल.
उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी महसूस होगी.
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में आज शाम के समय मौसम बदल सकता है. यहां गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है.
हिमाचल प्रदेश में 11, 13 और 14 मई को बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. वहीं उत्तराखंड में 11 से 13 मई के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 11 से 14 मई तक बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 12 से 14 मई के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के इलाकों में 11 और 12 मई को तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों में इसकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक जाने का अनुमान है.
पूर्वी भारत में मौसम का अलर्ट
पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 और 12 मई को हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं गांगेय पश्चिम बंगाल में 10 मई को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
बिहार में 10 से 12 मई के बीच कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. ओडिशा में 9 से 12 मई तक और झारखंड में 10 से 14 मई तक गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है.
मध्य भारत में बारिश और ओलावृष्टि की आशंका
मध्य प्रदेश में आज यानी 9 मई को मौसम अचानक बदल सकता है. यहां कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है. हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
विदर्भ क्षेत्र में 10 मई को और छत्तीसगढ़ में 9 से 12 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का खतरा
पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 और 10 मई को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
असम और मेघालय में 11 और 12 मई को कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना है. वहीं अरुणाचल प्रदेश में 12 मई को मौसम बिगड़ सकता है. मौसम विभाग ने 13 और 14 मई को अरुणाचल प्रदेश तथा 12 से 14 मई के बीच असम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है.
पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम
महाराष्ट्र में अगले दो दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है. कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी
दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 9 से 12 मई के बीच गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. यहां हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी 8 से 12 मई के दौरान बारिश का दौर जारी रह सकता है. कर्नाटक के उत्तरी आंतरिक हिस्सों में 9 से 11 मई के बीच और तटीय कर्नाटक में 9 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के कई इलाकों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान है.
ये भी पढ़ें- Aaj ka Rashifal: करियर, बिजनेस से लेकर प्यार तक... कैसा रहेगा आपका दिन? जानें आज का राशिफल