रिजू दत्ता का बड़ा यू-टर्न, IPS अजय पाल शर्मा से बिना शर्त मांगी माफी; जानें क्या कहा

Riju Dutta Apologizes: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे रिजू दत्ता, जिन्हें पार्टी ने 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है, उन्होंने अब अपने बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से सफाई दी है. दत्ता ने आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा पर दिए गए अपने कथित धमकी और आपत्तिजनक बयान पर माफी मांगते हुए कहा है कि उनका मकसद किसी व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं था.

west bengal Riju Dutta's big U-turn announcement of unconditional apology from IPS Ajay Pal Sharma
Image Source: Social Media

Riju Dutta Apologizes: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे रिजू दत्ता, जिन्हें पार्टी ने 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है, उन्होंने अब अपने बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से सफाई दी है. दत्ता ने आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा पर दिए गए अपने कथित धमकी और आपत्तिजनक बयान पर माफी मांगते हुए कहा है कि उनका मकसद किसी व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं था.

उन्होंने कहा कि उनका बयान पार्टी लाइन के तहत एक प्रवक्ता के तौर पर दिया गया था और इसमें उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी शामिल नहीं थी. रिजू दत्ता ने स्पष्ट किया कि वह अब इस मामले को खत्म करना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने आईपीएस अधिकारी से माफी भी मांगी है.

एक्स पर वीडियो जारी कर दी सफाई

रिजू दत्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि उन्होंने जो वीडियो बनाया था, वह तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर और पार्टी मुख्यालय से पार्टी लाइन के अनुसार तैयार किया गया था.

उन्होंने कहा, “मैं, तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता के रूप में, आईपीएस अजय पाल शर्मा के बारे में एक वीडियो बनाया था. अब मेरी पार्टी ने मुझे सच बोलने के कारण निलंबित कर दिया है. वह क्लिप वायरल हो चुकी है और भाजपा का पूरा आक्रोश व्यक्तिगत रूप से मुझ पर आ रहा है.” दत्ता ने यह भी कहा कि यह वीडियो पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से भी जारी किया गया था, इसलिए इसे व्यक्तिगत बयान नहीं माना जाना चाहिए.

“मैं अब सामान्य जीवन जीना चाहता हूं”

अपने बयान में रिजू दत्ता ने आगे कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं और अपने कानूनी सलाहकार की सलाह पर आईपीएस अधिकारी से बिना शर्त माफी मांगी है. उन्होंने कहा, “मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मैंने वह वीडियो तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में, पार्टी लाइन का पालन करते हुए बनाया था. फिर भी मैं आईपीएस अजय पाल शर्मा से अपनी टिप्पणियों के लिए बिना शर्त माफी मांगता हूं.”

उन्होंने आगे कहा कि अब वह एक सामान्य नागरिक की तरह शांतिपूर्ण जीवन जीना चाहते हैं और अपने परिवार के साथ रहकर आजीविका जारी रखना चाहते हैं. साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मामला यहीं समाप्त हो जाएगा.

क्या था विवादित बयान

रिजू दत्ता ने अपने वीडियो में दावा किया था कि बंगाल चुनाव परिणाम के बाद भारतीय जनता पार्टी भी आईपीएस अजय पाल शर्मा को बचा नहीं पाएगी. उन्होंने कहा था कि उन्हें उत्तर प्रदेश से बंगाल लाया जाएगा और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आईपीएस अधिकारी पर यह भी आरोप लगाया था कि वह भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं.

कौन हैं अजय पाल शर्मा

अजयपाल शर्मा उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं, जिन्हें निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल चुनाव में पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया था. कानून व्यवस्था में सख्त कार्रवाई के लिए उन्हें ‘सिंघम’ उपनाम से भी जाना जाता है. चुनाव के दौरान उन्होंने संभावित उपद्रवियों को चेतावनी दी थी कि अगर मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की गई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

चुनावी माहौल और फाल्टा में दोबारा मतदान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान फाल्टा क्षेत्र में गंभीर चुनावी गड़बड़ियों के चलते निर्वाचन आयोग ने वहां पुनर्मतदान का आदेश दिया था. 21 मई को यहां दोबारा वोटिंग कराई गई थी. इससे पहले 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान भी कई जगहों पर कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन के आरोप लगे थे.

TMC में अंदरूनी कार्रवाई

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद Trinamool Congress ने पार्टी अनुशासन तोड़ने और नेतृत्व की आलोचना करने के आरोप में अपने कई प्रवक्ताओं पर कार्रवाई की थी. रिपोर्ट्स के अनुसार, रिजू दत्ता समेत कुछ प्रवक्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और बाद में तीन नेताओं को 6 साल के लिए निलंबित कर दिया गया.

चुनावी नतीजों के बाद राजनीतिक हलचल

294 सदस्यीय विधानसभा में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की, जबकि लंबे समय से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर सीमित होना पड़ा.

इन नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में लगातार बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिसके बीच रिजू दत्ता का यह माफी वाला बयान एक बड़ा राजनीतिक मोड़ माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- वे अपने सहयोगियों को धोखा दे देते हैं... कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी, DMK को लेकर कही ये बड़ी बात