West Bengal का बदलेगा नाम, अब 'पश्चिम बंग' कहलाएगा राज्य, 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव

West Bengal Name Change: शुभेंदु अधिकारी सरकार ने कैबिनेट में नाम बदलने के प्रस्ताव को दी मंजूरी, 9 दिसंबर को विधानसभा में होगा पेश; मंजूरी के बाद प्रस्ताव संसद भेजा जाएगा.

West Bengal Name Change Paschim Banga Proposal December Assembly
Image Source: Social Media

West Bengal Name Change: पश्चिम बंगाल को जल्द ही नया नाम मिल सकता है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य का नाम बदलने की घोषणा करते हुए बताया कि अब इसे 'पश्चिम बंग' (Paschim Banga) कहा जाएगा. खास बात यह है कि अंग्रेजी में भी राज्य का नाम West Bengal की जगह Paschim Banga ही लिखा जाएगा. राज्य कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. हालांकि, नाम बदलने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है और इसके लिए केंद्र की मंजूरी भी जरूरी होगी.

9 दिसंबर को विधानसभा में पेश होगा प्रस्ताव

शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में नाम बदलने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा. यह प्रस्ताव 9 दिसंबर को सदन में लाया जाएगा. अगर विधानसभा से इसे मंजूरी मिलती है तो प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा. इसके बाद संसद में जरूरी प्रक्रिया पूरी होने पर ही राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदला जा सकेगा.

4 से 14 दिसंबर तक चलेगा विधानसभा का सत्र

पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होकर 14 दिसंबर तक चलेगा. इस दौरान राज्य सरकार की ओर से कई विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है. नाम बदलने का प्रस्ताव भी इसी सत्र का हिस्सा होगा. इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी राज्य का नाम बदलने को लेकर संकेत दिए थे और विधानसभा में प्रस्ताव लाने की बात कही थी.

ममता बनर्जी सरकार ने रखा था 'बांग्ला' नाम का प्रस्ताव

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग पहले भी उठ चुकी है. ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने 2018 में राज्य का नाम बदलकर 'बांग्ला' करने का प्रस्ताव विधानसभा से पारित कराया था. इस प्रस्ताव के तहत राज्य का नाम अलग-अलग भाषाओं में बदलने की योजना थी, लेकिन केंद्र सरकार से इसे मंजूरी नहीं मिली. इसके चलते राज्य का नाम पश्चिम बंगाल ही बना रहा.

अंग्रेजी वर्णमाला में नाम की स्थिति भी रही वजह

राज्य का नाम बदलने के पीछे एक वजह अंग्रेजी वर्णमाला के क्रम में इसकी स्थिति भी बताई जाती रही है. West Bengal नाम अंग्रेजी के 'W' अक्षर से शुरू होता है, जिसके कारण राज्यों की अंग्रेजी वर्णानुक्रम वाली सूची में यह नीचे आता है. अब सरकार 'Paschim Banga' नाम अपनाने की तैयारी में है, जो 'P' अक्षर से शुरू होगा. हालांकि, प्रस्ताव पारित होने और केंद्र की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने तक पश्चिम बंगाल का आधिकारिक नाम नहीं बदलेगा.

ये भी पढ़ें- बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक... IIT खड़गपुर में पीएम मोदी ने बताई बदले भारत की कहानी, छात्रों से की बात