West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार, 29 अप्रैल को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है. हालांकि वोटिंग के दौरान राज्य के कई इलाकों से हिंसा, तकनीकी गड़बड़ी और झड़पों की खबरें सामने आई हैं, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. कुछ जगहों पर हालात काबू करने के लिए सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज भी करना पड़ा और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया.
हावड़ा में EVM खराबी से बढ़ा तनाव
हावड़ा के बाली विधानसभा क्षेत्र में स्थित एक मतदान केंद्र पर EVM में खराबी आने से स्थिति बिगड़ गई. डॉन बॉस्को लिलुआ सोहन लाल विद्यालय में बने पोलिंग बूथ पर मशीन के ठीक से काम न करने के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई, जिससे मतदाता नाराज हो गए.
इसके अलावा 152, 153 और 154 नंबर बूथों पर भी गड़बड़ी और हंगामे की सूचना मिली है. वहीं मध्य हावड़ा के जैन विद्यालय स्थित बूथ नंबर 131 पर भी EVM में तकनीकी समस्या सामने आई.
#WATCH | West Bengal Elections 2026 | Chaos erupted outside a polling booth in Howrah as a few people were carried away from the spot by CRPF personnel/ Voters say that voting began here at 8.30 am after three failed attempts to vote, owing to a machine malfunctioning. They also… pic.twitter.com/xXhrqoS4SB
— ANI (@ANI) April 29, 2026
लाठीचार्ज और गिरफ्तारी
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा. हालात बिगड़ने पर लाठीचार्ज किया गया. हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.
इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. एक युवक पर बूथ को बाधित करने की कोशिश का आरोप लगा, जबकि दूसरे को भी हंगामे के चलते हिरासत में लिया गया. प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है.
अन्य जिलों में भी EVM गड़बड़ी
तारकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 123 पर EVM में दिक्कत के कारण मतदान काफी देर से शुरू हुआ. सुबह से लाइन में खड़े मतदाता इससे नाराज नजर आए. कई बार मशीन बदलने के बावजूद समस्या बनी रही, जिसके बाद तकनीकी टीम की जांच के बाद वोटिंग शुरू हो सकी.
#WATCH | Howrah, WB: A voter, Mayur Jain says, "We have been standing here since 7 am. There was some chaos and we were told that the machine was malfunctioning. A new machine was brought here and that too faced glitches. So, we were stopped from voting thrice. Then they closed… pic.twitter.com/w1GOCO2VLV
— ANI (@ANI) April 29, 2026
इसी तरह पूर्वी बर्धमान के भाटा क्षेत्र के बूथ नंबर 173 और 175 पर भी EVM खराबी के चलते मतदान में देरी हुई.
कोलकाता में बीजेपी उम्मीदवार की बहस
कोलकाता की एंटली सीट से बीजेपी उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल की एक पोलिंग बूथ पर अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों से तीखी बहस हो गई.
बताया गया कि बूथ छोटा होने के कारण उनके पोलिंग एजेंट को बाहर जाने के लिए कहा गया, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई. इस दौरान टीएमसी के एजेंट भी बहस में शामिल हो गए, जिसके बाद दोनों पक्षों को बूथ से बाहर कर दिया गया.
भारी सुरक्षा के बीच मतदान जारी
दूसरे चरण के लिए राज्यभर में करीब 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती की है.
इस चरण में कई अहम सीटों पर मुकाबला हो रहा है, जिनमें सबसे प्रमुख भवानीपुर सीट है. यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं.
कब आएंगे नतीजे?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. फिलहाल दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान सामने आई घटनाओं ने चुनावी माहौल को और अधिक संवेदनशील बना दिया है, हालांकि प्रशासन लगातार स्थिति को नियंत्रण में रखने का दावा कर रहा है.
ये भी पढ़ें- 'बधाई मांगना ट्रांसजेंडर का अधिकार नहीं...', इलाहाबाद हाई कोर्ट बोला- यह अपराध माना जा सकता है