PM Modi Convoy: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की है. अब इसका असर सरकार और नेताओं के कामकाज में भी दिखाई देने लगा है. प्रधानमंत्री मोदी ने खुद इसकी शुरुआत करते हुए अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है.
दो गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे पीएम मोदी
बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैबिनेट बैठक में हिस्सा लेने के लिए अपने आवास से दफ्तर पहुंचे. इस दौरान उनके काफिले में सिर्फ दो गाड़ियां नजर आईं. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
आमतौर पर प्रधानमंत्री के काफिले में काफी ज्यादा गाड़ियां होती हैं. सुरक्षा व्यवस्था के तहत कई वाहन साथ चलते हैं, लेकिन इस बार पीएम मोदी ने कम गाड़ियों के साथ यात्रा कर एक बड़ा संदेश देने की कोशिश की है.
#WATCH | Delhi: Prime Minister Narendra Modi has reduced his convoy size significantly. Reduction in vehicles was done while maintaining essential security components as per SPG protocol. pic.twitter.com/kuC9OfyAxN
— ANI (@ANI) May 13, 2026
सुरक्षा काफिले में कम हुई गाड़ियों की संख्या
जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए तय नियमों के अनुसार सामान्य तौर पर उनके काफिले में 14 से 17 गाड़ियां रहती हैं. कई बार राज्य पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के वाहन भी शामिल होते हैं, जिससे यह संख्या 30 से 40 तक पहुंच जाती है. लेकिन अब ईंधन बचाने की अपील के बाद कई नेताओं ने अपने काफिले छोटे कर दिए हैं.
अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी उठाया कदम
गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपने सुरक्षा काफिले में गाड़ियों की संख्या घटा दी है. राजनाथ सिंह पहले 11 गाड़ियों के काफिले के साथ चलते थे, लेकिन अब उन्होंने सिर्फ चार गाड़ियों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है. वहीं गृह मंत्री अमित शाह भी कैबिनेट बैठक में केवल चार गाड़ियों के साथ पहुंचे. पहले उनके काफिले में 11 से 12 वाहन शामिल रहते थे.
जेपी नड्डा और बीजेपी नेताओं ने भी घटाए वाहन
प्रधानमंत्री की अपील के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है. अब उनके साथ भी केवल चार वाहन चल रहे हैं. इसके अलावा बीजेपी के कई नेताओं और मंत्रियों ने भी अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या घटाई है.
बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी लिया फैसला
प्रधानमंत्री मोदी की अपील का असर बीजेपी शासित राज्यों में भी देखने को मिल रहा है. कई मुख्यमंत्रियों ने अपने सुरक्षा काफिले में चलने वाली गाड़ियों की संख्या आधी कर दी है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मुद्दे पर अधिकारियों के साथ बैठक की थी. उन्होंने ईंधन बचाने और संसाधनों का सही इस्तेमाल करने पर जोर दिया.
ऊर्जा बचत को लेकर दिया जा रहा संदेश
सरकार का कहना है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन और संसाधनों का सही इस्तेमाल बेहद जरूरी है. प्रधानमंत्री मोदी की इस पहल को ऊर्जा बचत और जिम्मेदार उपयोग की दिशा में एक बड़ा संदेश माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- विजय थलापति फ्लोर टेस्ट में पास, तमिलनाडु विधानसभा में साबित किया बहुमत, जानें TVK को कितने पड़े वोट