नई दिल्ली, भारत 24 डिजिटल डेस्क: राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड (Weather Update) का सितम जारी है. दिल्ली-एनसीआर वालों का कोहरे और शीतलहर (Cold Wave) के कारण घरों से निकलना मुश्किल होता जा रहा है. आज (17 जनवरी) को भी उत्तर भारत घने कोहरे की चपेट में है. इस घने कोहरे के कारण विमान और रेल सेवा के साथ सड़क यातायात भी प्रभावित हो रही है. मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, ठंड का यह दौर अभी जारी रहने वाला है.
दिल्ली में तापमान 4 डिग्री से नीचे
दिल्ली में लगातार चौथे दिन न्यूनतम तापमान चार डिग्री से नीचे रहा. मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा. दिल्ली-एनसीआर ही नहीं , पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग ने इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है. साथ ही अगले चार दिनों तक घने कोहरे के साथ भीषण सर्दी की चेतावनी जारी की है.
उत्तर भारत को कब मिलेगी राहत?
राजधानी दिल्ली में घने कोहरे की आशंका के मद्देनजर मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं बुधवार को हिमाचल प्रदेश, कश्मीर, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में हल्की बारिश और कई जगहों पर बर्फबारी की आशंका जताई है. मौसम के जानकारों का कहना है कि यह स्थिति 18 जनवरी तक बनी रह सकती है.इस स्थिति से 19 जनवरी से थोड़ी बहुत राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है.