Weather Update: अगले 12 घंटे में 15 राज्यों में होगी भारी बारिश, आंधी-तूफान की भी चेतावनी, IMD अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की गई है.

Weather Update heavy Rain Thunderstorm in 15 states in the next 12 hours
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले 12 घंटों के भीतर देश के करीब 15 राज्यों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है. कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.

दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ जैसे क्षेत्रों में लू का असर लगातार बढ़ रहा है. वहीं बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, केरल और हिमालयी राज्यों में बारिश और आंधी का दौर शुरू हो सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है.

केरल में जल्द मॉनसून की दस्तक

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है. मॉनसून से पहले प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसके चलते दक्षिण भारत और पूर्वी राज्यों में बारिश का सिलसिला बढ़ सकता है. कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी आशंका है.

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी

दिल्ली-एनसीआर में 19 और 20 मई को भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

21 और 22 मई को तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है. इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.

उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की संभावना

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदल सकता है. मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, कानपुर, बांदा, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज और मऊ सहित कई जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं.

इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में लू का असर भी बना रहेगा.

राजस्थान में बढ़ेगा तापमान

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी राजस्थान के साथ-साथ उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भी तापमान तेजी से बढ़ सकता है.

जयपुर समेत कई शहरों में अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है. भीषण गर्मी के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

मध्य प्रदेश के 31 जिलों में लू का अलर्ट

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है. मौसम विभाग ने राज्य के 55 में से 31 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. विदिशा, रायसेन, खंडवा, रतलाम, गुना, ग्वालियर, दतिया, रीवा, उज्जैन, जबलपुर, सागर और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है. लोगों को धूप से बचने और लगातार पानी पीने की सलाह दी गई है.

बिहार में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है. गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है.

पटना में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में बढ़ेगी गर्मी

उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में 20 से 22 मई के बीच तेज गर्मी पड़ने की संभावना है.

देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है.

जम्मू-कश्मीर में बारिश के बाद लू

जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. इसके बाद 21 से 25 मई तक कई इलाकों में गर्मी बढ़ने और लू चलने की संभावना जताई गई है.

हालांकि दोपहर के बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है. 25 मई के बाद मौसम फिर से शुष्क हो सकता है.

महाराष्ट्र और गुजरात में तापमान में राहत के संकेत

महाराष्ट्र और गुजरात में फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. हालांकि 19 से 24 मई के बीच अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है.

मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवाएं

हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, ऊना, कांगड़ा और किन्नौर में हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

मनाली में तापमान काफी कम बना रहेगा. यहां अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.

छत्तीसगढ़ में और बढ़ेगी गर्मी

छत्तीसगढ़ में 21 मई तक तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को भीषण गर्मी के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है.

विशेषज्ञों ने धूप में ज्यादा देर तक न रहने और शरीर को हाइड्रेट रखने की चेतावनी दी है.

झारखंड में बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट

झारखंड के रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, देवघर, दुमका, गुमला और पश्चिम सिंहभूम समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.

इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं.

ओडिशा में लू का कहर

ओडिशा में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार जारी है. राज्य के 16 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है. झारसुगुडा सबसे गर्म शहरों में शामिल है, जहां तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

मौसम विभाग ने बालासोर, सुंदरगढ़, सोनपुर, बरगढ़ और खुर्दा में हीटवेव अलर्ट जारी किया है.

पंजाब में 22 मई से मिल सकती है राहत

पंजाब के मोगा, फरीदकोट, जालंधर, अमृतसर, बठिंडा और संगरूर समेत कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है. हालांकि 22 मई के बाद हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है.

तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का दौर

तमिलनाडु के डिंडीगुल, शिवगंगा, मदुरै, थेनी और नीलगिरी जिलों में भारी बारिश की संभावना है. चेन्नई में भी कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है.

वहीं केरल में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अनुमान है. मौसम विभाग ने कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: रोमांटिक कैंडललाइट डिनर पर जाएंगे इस राशि के जातक, पढ़ें अपना लव राशिफल